शहर के सेक्टर-2 में सीवर के मैनहोल की सफाई करने पहुंचे हुडा के सफाई कर्मचारियों की लापरवाही एक बच्चे की जान पर बन आई। दरअसल, सफाई कर्मियों ने मैनहोल के ढक्कन को खोल दिया और उसे बंद करने की बजाय ढक्कन को ही उठाकर ले गए। ऐसे में वह खुला रहा, जिसमें 11 वर्षीय बच्चा कार्तिक उसमें गिर गया। गनीमत रही कि बच्चे को समय रहते निकाल लिया गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। परिजनों की ओर से सेक्टर-6 थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी गई है। पुलिस ने मौका मुआयना किया और उसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस घटना में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
मंगलवार को सेक्टर-2 में हुडा के सफाई कर्मचारी सीवरों की सफाई करने के लिए पहुंचे थे। यहां पर मकान नंबर 1671 के सामने बने मैनहोल को जब सफाई कर्मचारी साफ करने पहुंचे तो कर्मियों ने लापरवाही बरतते हुए उसे खुला छोड़ दिया। ऐसे में खेलते-खेलते यहां पर रहने वाले मनोज कुमार का बेटा कार्तिक उसमें गिर गया। इससे उसके सिर में चोटें आई हैं। उसे नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
जोर-जोर से लगाईं आवाजें
कार्तिक ने बताया है कि जैसे ही वह मैनहोल मेें गिरा उसी दौरान उसका पैर सीवर में लगे एक पाइप पर अटक गया और उसने परिजनों को जोर-जोर से आवाजें लगाई। मैनहोल में गिरने के बाद उसका पैर एक पाइप पर अटक गया, इसकी वजह से वह नीचे नहीं जा सका और उसने बाहर निकलने के लिए आवाजें लगाई।
रस्सी के सहारे निकाला
कार्तिक के मैनहोल में गिरने का पता परिजनों को उस समय लगा, जब उसकी दादी बिमला देवी घर के बाहर ही बैठी थी तो कार्तिक की मैनहोल से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी। इस पर परिजन मैनहोल की तरफ दौड़े और कार्तिक को रस्सी से मैनहोल से बाहर निकाला। बताया गया है कि मैनहोल लगभग 12 से 15 फुट गहरा है।
परिजन बोले, परमात्मा ने बचाई जिंदगी
परिजनों ने कार्तिक के मैनहोल में से बचकर निकलने के बाद भगवान का शुक्रिया किया। पिता मनोज और चाचा बिजेंद्र दलाल ने कहा कि परमात्मा ने कार्तिक की जिंदगी बचाई है। उन्होंने बताया कि कार्तिक के मैनहोल में गिरने की सूचना उन्होंने 100 नंबर पर भी की थी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को सेक्टर-2 में बच्चे के मैनहोल में गिरने की सूचना मिली थी और मौके पर पहुंचकर जांच भी शुरू की है। फिलहाल मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। छानबीन के बाद जिसकी भी लापरवाही रही होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पवन कुमार, एएसआई, सेक्टर-6 थाना।
मामले में जांच की जाएगी और जिस भी सफाई कर्मचारी की लापरवाही होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार, कार्यकारी अभियंता, हुडा।