सोनीपत जिले के एक व्यक्ति का बहादुरगढ़ के गांव ईस्सरहेड़ी में अपहरण होने का मामला सामने आया है। व्यक्ति अपनी बहन के यहां आया हुआ था। बाजार से लौटते वक्त कार सवार तीन युवक जबरन उसे कार में डालकर ले गए। उसकी पत्नी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अपहरणकर्ताओं की पहचान के लिए पुलिस वारदात स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
जानकारी के अनुसार सोनीपत जिले के गांव ब्रोणा निवासी रवींद्र पत्नी शिवानी सहित गत 29 अक्तूबर को गांव ईस्सरहेड़ी में अपनी बहन के यहां आया था। 30 अक्तूबर को वह पत्नी शिवानी व भांजी नेहा के साथ नजफगढ़ गया। काम निपटने के बाद वापसी के लिए इन्होंने एक रिक्शा हायर की। जब गांव में माया गार्डन के नजदीक पहुंचे तो वहां से एक सफेद रंग की कार गुजरी। कुछ दूर आगे जाकर कार फिर से वापस आई। बैक करते वक्त कार रिक्शा से टकरा गई। इसके बाद कार में से तीन युवक उतरे और जबरन रवींद्र को गाड़ी में डालकर बहादुरगढ़ की तरफ भाग गए। इसके बाद उसकी पत्नी शिवानी ने शोर मचाया। लोग इकट्ठे हुए और तलाशने के लिए इधर-उधर दौड़े। सूचना मिलते ही सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे कैमरों की फुटेज चेक की। वीरवार की शाम तक रवींद्र का कुछ पता नहीं था। उसका फोन भी बंद आ रहा है।
रवींद्र ने किया है प्रेम विवाह
जब कार की रिक्शा से टक्कर लगी तो कोई झगड़ा नहीं हुआ। न ही युवकों ने रवींद्र से मारपीट की। कार से उतरे और उसे डालकर ले गए। रवींद्र की पत्नी ने भी कोई झगड़े या किसी पर आरोप नहीं लगाया है। चर्चा तो ये है कि रवींद्र ने प्रेम विवाह किया है। इस नजरिये से भी पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। असल कारणों की पुष्टि तो रवींद्र के मिल जाने के बाद ही हो पाएगी।
शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है। जल्द से जल्द रवींद्र को तलाश लिया जाएगा।
सुनील कुमार, एसएचओ, सदर थाना।