लाइनपार में 19 मार्च को हुई एक युवक की हत्या मामले में फरार चल रहा आरोपी चार महीने बाद अपने एक साथी सहित पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी ने जनवरी माह में पैरोल पर आने के बाद हत्या समेत छह वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल दोनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
दरअसल, लाइनपार के शंकर गार्डन निवासी अमित उर्फ पंडित ने चरित्र संदेह में वर्ष 2014 में अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। इस मामले में अमित को लाइनपार निवासी युवक रेनु पर शक था। पत्नी की हत्या के मामले में अमित को उम्रकैद की सजा हुई। जेल में बंद अमित रेनु के प्रति रंजिश पाले हुआ था। जब भी पैरोल पर आया रेनु पर हमले कराए गए, इत्तफाक से रेनु बच जाता। इसी तरह 16 जनवरी 2019 को अमित उर्फ पंडित 21 दिन की पैरोल पर आया लेकिन वापस जेल नहीं गया। फरारी के दौरान अमित ने अपने एक साथी रवि के साथ मिलकर रेनु की हत्या करने की योजना बनाई। इसलिए मार्च में दिल्ली के मुंडका क्षेत्र से एक बाइक चोरी की। फिर इसी बाइक पर सवार होकर 19 मार्च को बराही रोड पर ठेके के पास रेनु की गोलियां मारकर हत्या कर दी। तब से पुलिस आरोपियों की तलाश में थी। अब सीआईए 1 बहादुरगढ़ ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से दो पिस्तौल, पांच कारतूस व चोरीशुदा बाइक बरामद हुई है।
छह वारदात को दिया अंजाम
सीआईए प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि फरारी के दौरान दोनों ने छह वारदात को अंजाम दिया है। पहले मुंडका से बाइक चोरी की, फिर रेनु की हत्या की। अप्रैल में गुरुग्राम एरिया से होंडा सिटी कार लूटी। इसके बाद मई 2019 में लाइनपार क्षेत्र में एक ठेके से तीन लाख रुपये लूटे। मई में आसौदा क्षेत्र से बाइक छीनी। जून में लाइनपार के छोटूराम नगर क्षेत्र से बाइक छीनी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस रिमांड अवधि में आरोपियों से उक्त वारदातों में शामिल रहे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।