पुलिस ने गो हत्या और रेकी करने के मामले में गिरफ्तार 11 आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने रेकी करने वाले छह आरोपियों को जेल भेज दिया, जबकि अन्य पांच आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। अपराध शाखा प्रभारी सज्जन सिंह ने बताया कि बीते मंगलवार की अलसुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान झज्जर रोड गोहत्या के मामले में संलिप्त रहे चार युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया था।
उनके कुछ अन्य साथी स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए थे। इन पांचों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों का नाम रावत, रघबीर, पांडू, राजू व श्रवण है। इसके अलावा, छह ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कि गो तस्करों को सूचनाएं देते थे। इनमें राजस्थान के ही बाबूराम, बलबीर, पप्पू, रमेश, नींबू व जाटू शामिल हैं। सभी आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया।
न्यायालय ने रेकी करने में शामिल आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि गोहत्या के मामले में पकड़े गए पांच आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। उन्होंने बताया कि अब तक गोहत्या के मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए चार आरोपी पहले ही सात दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों से कई अन्य वारदातों का भी खुलासा होगा।