झज्जर। शहर के सिलानी गेट क्षेत्र में एक अटल सेवा केंद्र संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारों आरोपी शहर के अलग-अलग एरिया के रहने वाले हैं। आरोपियों ने संचालक से पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए शहर पुलिस थाना प्रबंधक निरीक्षक नरसिंह ने बताया कि सीएससी संचालक दीपक ने शिकायत देते हुए बताया था कि 22 जून को जब वह अपनी दुकान पर बैठा था तो उसे एक नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम सेठी बताया और कहा कि उसे 5000 रुपये की सख्त जरूरत है। अभी उक्त नंबर पर फोन पे या गूगल पे कर दो, नहीं तो आपके लिए अच्छा नहीं होगा। वह बार-बार उसी नंबर से फोन करता रहा और लगातार धमकी देता रहा।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में पहचान मनोज, राहुल, मनीष व अमन चारों निवासी झज्जर के तौर पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से फिरौती मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।