झज्जर। झज्जर से इस्लामगढ़ (छुछकवास) तक मार्ग का निर्माण कार्य एनजीटी की की गाइडलाइन के तहत तलाव तक बनने के बाद रोक दिया गया था। इसके चलते राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों में काफी रोष है। इसके विरोध में धरना प्रदर्शन तक की नौबत आ गई। दो दिन पूर्व ही ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेताया था कि अगर बंद कार्य शुरू नहीं हुआ तो आसपास के ग्रामीण धरना देंगे और इस मार्ग को जाम कर दिया जाएगा। इस पर प्रशासन अब हरकत में आया है और छुछकवास में ग्रामीणों को काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों के बीच पहुंचे तहसीलदार शेखर ने बताया कि दो से तीन दिन में छुछकवास में रोड़े डलवाकर आने-जाने के लिए अस्थायी समाधान करा दिया जाएगा। जैसे ही एनजीटी की गाइडलाइन हट जाती है तो क्रेशर खुल जाएंगे और रोड़े आने शुरू हो जाएंगे। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सड़क पर जो जलभराव हुआ है, उसका जल्द समाधान कर दिया जाएगा। तहसीलदार ने एक्सईएन सुमित कोहाड़ को तुरंत निर्देश देते हुए कहा कि वह मौका मुआयना कर इसका समाधान करें।