फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhajjar-Bahadurgarh News: सफाई व्यवस्था, अधूरे विकास कार्यों में अनियमितता पर पार्षदों का हंगामा

Sat, 02 May 2026 11:18 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झज्जर/बहादुरगढ़
विज्ञापन
-फोटो 51 : पहली बार नगर परिषद बैठक में पहुंचे विधायक राजेश जून का बुक्का भेंट कर स्वागत करते नप
विज्ञापन
बहादुरगढ़। नगर परिषद कार्यालय में शनिवार को आयोजित बजट बैठक में वर्ष 2026-27 का लगभग 149 करोड़ रुपये का बजट पार्षदों की सहमति से पास कर दिया गया। हालांकि बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, अधूरे विकास कार्यों आदि में अनियमितताओं को लेकर जमकर हंगामा हुआ।
विज्ञापन

कई पार्षदों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और अपने वार्डों की समस्याएं प्रमुखता से रखीं। वहीं विधायक की ओर से भी शहर की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया गया। विधायक राजेश जून नगर परिषद की बैठक में विधायक बनने के बाद पहली बार उपस्थित हुए। यहां पहुंचने पर उनका नप ईओ संजय रोहिल्ला, चेयरपर्सन सरोज राठी, वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा ने बुके भेंटकर स्वागत किया।
इससे पहले बजट को लेकर तीन बैठक हो चुकी हैं। उन बैठकों में कोई हल नही निकला। बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई और दोपहर पौने तीन बजे तक चली। बैठक शुरू होते ही वार्ड 13 के पार्षद मोहित राठी ने कहा कि उनके वार्ड में पिछले चार वर्षों में केवल 15 लाख रुपये के काम हुए हैं। सभी वार्डों में बराबर विकास कार्य कराए जाएं।
विज्ञापन

वहीं वार्ड 29 के पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा ने सेक्टर-6 की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ, नालों की सफाई तक नहीं कराई गई। नालों के पत्थर टूटे पड़े हैं और पटेल नगर में गंदगी फैली रहती है। उन्होंने कहा कि उन्हें विधायक से उम्मीद है लेकिन अब चेयरपर्सन से कोई उम्मीद नहीं बची।
वार्ड 25 के पार्षद रमन यादव ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार वर्षों में सफाई पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं लेकिन शहर में सफाई नजर नहीं आती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सफाई के नाम पर सबकुछ साफ कर दिया गया। पार्षद सुनैना मलिक ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के कागजी प्रस्ताव दिए जाते हैं, लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं देता।
वहीं, वार्ड 20 के पार्षद विनोद शर्मा ने कहा कि वार्ड में 49 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया जबकि 57 लाख रुपये की पेमेंट कर दी गई। बैठक में यूजर चार्ज का मुद्दा भी उठा। उन्होंने कहा कि जनता से हर महीने सफाई के नाम पर शुल्क लिया जा रहा है लेकिन बदले में सुविधाएं नहीं मिल रही। मनोनीत पार्षद भीम सिंह प्रणामी ने सेक्टर-7 में चंद्रशेखर आजाद द्वार डेढ़ साल से टूटा होने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। इनके अलावा पार्षद अशोक शर्मा, नीना राठी, जितेंद्र राठी, मोनिका धनखड़, बलराम दलाल, विशाल गर्ग समेत अन्य कई पार्षदों ने नगर परिषद अधिकारियों और चेयरपर्सन के कार्य पर नाराजगी जाहिर की।
बैठक के दौरान विधायक राजेश जून ने आश्वासन दिया कि तीन महीने में व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी। यहां तक कहा गया कि यदि काम नहीं हुए तो लाल चौक पर पुतला फूंक देना। बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला, चेयरपर्सन सरोज राठी, वाइस चेयरमैन राजपाल शर्मा और शहर के लगभग सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

-फोटो 51 : पहली बार नगर परिषद बैठक में पहुंचे विधायक राजेश जून का बुक्का भेंट कर स्वागत करते नप

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें