झज्जर। फरीदाबाद में केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्रियों के बीच में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि गुटबाजी जैसी कोई बात नहीं है। समय को लेकर कोई गलतफहमी हो गई होगी। वह जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। हरियाणा सरकार में मंत्री राव नरबीर के भ्रष्टाचार को लेकर दिए गए बयान पर कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है और अगर कोई भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलती है तो सरकार उस पर तुरंत कार्रवाई करती है। बैठक के बाद कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। मंत्री राव नरबीर के बयान पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि हम तो हमेशा विधानसभा में बोलते रहे हैं कि भय, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की बात करने वाले खोखले दावे हैं। आज उनके मंत्री ही भ्रष्टाचार की बातें बोल रहे हैं। इससे बड़ा कोई उदाहरण नहीं। आज लोग खुद बोल रहे हैं कि अधिकारी पैसे लिए बिना काम नहीं करते।