माता भीमेश्वरी देवी मंदिर बेरी में नवरात्र पर्व पर लगने वाला मेला बेशक रद्द हो गया हो। लेकिन माता के दर्शन के लिए प्रशासन की तरफ से रास्ता निकाल दिया गया है। अब माता के भक्त अपने घर बैठे ही यू-ट्यूब चैनल पर लाइव दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन की तरफ से नवरात्र से पहले ही इसके लिए लिंक जारी कर दिया जाएगा।
25 मार्च से नवरात्रों के दौरान बेरी में लगने वाले मां भीमेश्वरी देवी मेले को कोरोना वायरस के चलते आयोजन जिला प्रशासन द्वारा रद्द कर दिया गया है। हालांकि मला रद्द होने पर लाखों रुपये के राजस्व व चंदे का घाटा अवश्य होगा।
पशु मेले में आता था हजारों रुपये का राजस्व
बता दें कि माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के साथ लगने वाले पशु मेले में भी हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश से पशु व्यापारी पहुंचते थे और खंड एवं विकास पंचायत विभाग को हजारों रुपये का राजस्व मिलता था। अब माता भीमेश्वरी देवी मेला व पशु मेला न लगाने को लेकर विभाग को हजारों रुपये राजस्व का भी नुकसान होगा।
अप्रैल 2019 में आया था 51 लाख 9 हजार 740 रुपये का चढ़ावा
माता भीमेश्वरी देवी में नवरात्रों के दौरान भक्तों द्वारा मां के दरबार में लाखों रुपये चढ़ावा आता था। अब कोरोना वायरस के चलते मेले का आयोजन न होने से प्रशासन को लाखों रुपये का नुकसान होगा। अप्रैल 2019 में मां के दरबार में भक्तों द्वारा 51 लाख 9 हजार 740 रुपये का चढ़ावा दान पात्रों में आया था। सितंबर 2019 में मेले के दौरान मां के दरबार में 38 लाख एक हजार 330 रुपये का चढ़ावा दानपात्रों में आया था। अब कोरोना वायरस के चलते मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा।
नगर पालिका को करीब 50 हजार का राजस्व प्राप्त होता था
बेरी मेले में दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों से नगर पालिका तहबाजारी को लेकर करीब 50 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त करती थी। अब जैसे ही कोरोना वायरस को मेले का आयोजन नहीं होगा तो दुकानदार भी नहीं पहुुंचेंगे और नगर पालिका को नुकसान होगा।
कोरोना वायरस को लेकर सोमवार को जिला उपायुक्त ने बैठक लेेकर मां भीमेश्वरी देवी मेला न लगाने को लेकर कहा है, उसमें मंदिर ट्रस्ट प्रशासन का सहयोग करेगा। आमजन से अपील भी करेगा कि अपने घर में मां की पूजा अर्चना करें।
- पॅ. पुरूषोत्तम वशिष्ठ, मंदिर के पुजारी।
कोरोना वायरस को लेकर बेरी मेला स्थगित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि अपने घरों में रहे और अपने घर में पूजा-अर्चना करें। नवरात्रे शुरू होने से पहले प्रशासन द्वारा यू-ट्यूब लिंक अपडेट कर दिया जाएगा। सीसीटीवी लगाकर भक्तों को मां के लाइव दर्शन करवाएं जाऐंगे।
- राहुल नरवाल, एसडीएम, बेरी।