जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में रविवार को कुछ कमी देखी गई। रविवार को 28 केस नये सामने आए। इस तरह रविवार तक जिले में कोरोना के 1873 केस हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 456 हो चुकी है। रविवार को 35 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया। अब तक 1398 लोग स्वस्थ हो चुके। रविवार को आई कोरोना रिपोर्ट में बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल का एक चिकित्सक भी पॉजिटिव आया है।
झज्जर जिले में रविवार तक कुल 63896 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया। जिनमें से 1852 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 61146 लोगों की निगेटिव आई। अभी 898 सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आई है। जिले में 1873 को संक्रमण हो चुका है। जिनमें से 888 को अस्पतालों में आइसोलेट किया गया और 995 को उनके घरों में ही रखा गया। फिलहाल 456 केस एक्टिव हैं और 1398 को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया जा चुका है। अब केवल एक व्यक्ति वेंटिलेटर पर है और 19 की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। कोरोना के नये केसों में 21 बहादुरगढ़ के, एक डीघल, तीन झज्जर क्षेत्र के व अन्य बादली के हैं। रविवार को डिस्चार्ज किए गए लोगों में 15 बहादुरगढ़ के, 11 झज्जर क्षेत्र के, दो बेरी के व अन्य बादली क्षेत्र के शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. संजय के मुताबिक, फिलहाल 193 लोग अस्पतालों में आइसोलेट हैं और 263 को घरों में ही आइसोलेट किया गया है। रविवार को सैंपल पॉजिटिविटी रेट 2.8 फीसदी और रिकवरी रेट 74.6 फीसदी रहा। जिले में टेस्टिंग रेशो 5805 व्यक्ति प्रति लाख रिकॉर्ड किया गया। जिले के 121846 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक 8169 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया। जिनमें से 8050 लोगों की सर्विलांस अवधि पूरी हो चुकी है और 119 लोग अभी सर्विलांस पर हैं। रविवार तक जिले में 899 कंटेनमेंट जोन बनाए गए। जिनमें से 492 जोन फिलहाल एक्टिव हैं और 407 जोन को डीकन्टेन किया जा चुका है। शहरी क्षेत्र में 218 और ग्रामीण क्षेत्र में 274 कंटेनमेंट जोन हैं।
जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय ने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गैर जरूरी परिस्थितियों में घरों से न निकलें। बेहद आवश्यक कार्य के लिए घर से निकलना भी पड़े तो फेस मास्क अवश्य लगाएं। एक-दूसर से कम से कम दो गज की शारीरिक दूरी बनाए रखें। थोड़ी-थोड़ी देर बाद साबुन लगाकर अच्छी तरह हाथ धोएं, अगर हाथ धोने की व्यवस्था न हो तो कारगर सैनिटाइजर से हाथों को सैनिटाइज अवश्य करें।