शहर के लाइनपार क्षेत्र की कालोनी शंकर गार्डन निवासी एक पूर्व सैनिक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने अपना टेस्ट नगर के एक निजी अस्पताल के माध्यम से करवाया था। अब उन्हें होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
शंकर गार्डन की गली नंबर-1 के निवासी पूर्व सैनिक को तीन दिन पहले हल्की सी खांसी और बुखार की शिकायत हुई थी। इस पर वह पटेलनगर स्थित पूर्व सैनिक डिस्पेंसरी गए। डिस्पेंसरी के डाक्टर ने दवा देने के साथ ही उन्हें कोरोना टेस्ट करवाने की सलाह दी और टेस्ट के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया। निजी अस्पताल ने एक निजी लैब से टेस्ट करवाया। सोमवार को दिए सैंपल की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई और निजी अस्पताल की तरफ से उन्हें नागरिक अस्पताल जाकर क्रॉस चेक करवाने की सलाह दी गई। पॉजिटिव निकले पूर्व सैनिक के बेटे ने बताया कि नागरिक अस्पताल में डाक्टरों ने उन्हें कहा कि वह तुरंत अपने घर जाकर क्वारंटीन हो जाएं, उन्हें घर से ही लेकर टेस्ट करवा लिया जाएगा। परिवार के पांचों सदस्यों को पूर्व सैनिक से अलग रहने को कहा गया है।
सीएमओ डॉ. रणदीप पूनिया का इस बारे कहना है कि पूर्व सैनिक डिस्पेंसरी इन पूर्व सैनिक को सीधे नागरिक अस्पताल रेफर करती तो एक ही टेस्ट से सही जानकारी मिल जाती। तो भी, पूर्व सैनिक का टेस्ट फिर करवाया जाएगा और जरूरत के मुताबिक उनका इलाज भी होगा।