झज्जर, बहादुरगढ़। जिले में कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या फिर बढ़ने लगी है। वहीं जिला कारागार में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। एक साथ 15 कैदियों/बंदियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उनके संपर्क में आए अन्य कैदियों को अलग कर दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव मिले कैदियों को गिरावड में स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से तीन दिन पहले 400 से अधिक कैदियों और स्टाफ के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 15 कैदियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दुलीना जेल में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद पूरी जेल को सैनिटाइज कराने के लिए जेल प्रबंधन को पत्र भी लिखा गया है। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए अन्य कैदियों की दोबारा से जांच कराने के लिए भी कहा गया है।
शनिवार को सामने आए 52 केस
शनिवार को कोरोना संक्रमण के 52 और केस सामने आए। जबकि पहले से संक्रमित 43 लोगों स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। दुलीना स्थित झज्जर जेल में 15 केस निकलकर सामने आए हैं। अब जिले में एक्टिव केस बढ़कर 352 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में अधिकतर को होम आइसोलेट किया गया है। अब तक 3577 कन्फर्म केस निकल चुके हैं, जबकि 3190 डिस्चार्ज हो चुके हैं। शनिवार को जिले में पॉजिटिविटी रेट 2.8 और रिकवरी रेट 89.2 फीसदी दर्ज किया गया।
यहां मिले नए पॉजीटिव केस
कोरोना संक्रमितों में बहादुरगढ़ की अग्रवाल स्ट्रीट ओमेक्स सिटी, टांडाहेड़ी, सेक्टर-7, सेक्टर-2, इमली वाली गली मेन बाजार, रोहद, माडल टाउन, गली नंबर 5 माडल टाउन, सेक्टर-6, लाइनपार के शास्त्री नगर, अशोक कॉलोनी, न्यू पटेल पार्क, जैन मंदिर वाली गली गांधी चौक, गली नंबर 5 आनंद नगर, जौहरी नगर के अलावा झज्जर के जैतपुर, पाना चुल्याण बेरी, भदानी, अंबोली, महराणा, सिलानी गेट झज्जर, सुरहैती, सिलानी जालिम, हरिपुरा मोहल्ला झामरी, दूबलधन किरमाण, खातीवास, खेड़ी खुम्मार, कोयलपुर, मारुति कंपनी दूबलधन गिंग्याण, एसपी माजरा, सिवाना शामिल है। अब तक जिले में 128536 सैंपलों की जांच में 3671 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
जिला कारागार में तीन दिन पहले 400 से अधिक लोगों के कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिए गए थे। जिनमें से 15 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इनको वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाकर इलाज शुरू कर दिया है।
- डॉ. रणबीर सिंह, नोडल ऑफिसर एवं उप सिविल सर्जन, झज्जर।
जेल प्रबंधन को पत्र लिखकर जेल को सैनिटाइज कराने के लिए और उनके संपर्क में आए सभी लोग को अलग करने के साथ-साथ उनकी दोबारा जांच के लिए भी कहा गया है। वहीं आमजन से अपील है कि वे कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी बरतें। नियमों का पालन करते हुए अपने आप और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
- डा. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।