बहादुरगढ़। झज्जर जिले में सोमवार को एक साथ 38 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए। जबकि 12 लोग ही डिस्चार्ज हुए। स्वस्थ होने वालों के बजाय संक्रमित होने वालों की संख्या एक दिन में 3 गुणा से अधिक रही। ऐसे में अब जिले में एक्टिव केस 178 हो गए।
सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया के अनुसार कोविड-19 पॉजिटिव केसों की संख्या सोमवार तक पूरे झज्जर जिले में 1236 तक पहुंच गई है, जबकि डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 1041 हो गई है और 17 की मौत भी हो चुकी है। ऐसे में सोमवार तक झज्जर जिले में एक्टिव केसों की कुल संख्या 178 रह गई है। सोमवार को निकले नए 38 केसों में से 12 केस बहादुरगढ़ क्षेत्र से संबंधित रहे हैं तो बाकी झज्जर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकले हैं। 28 संक्रमित मिले मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
सोमवार को संक्रमित मिले लोगों में बहादुरगढ़ के रोहद स्थित झिलमिल होटल से, गली नंबर-3 शास्त्रीनगर, गली नंबर-4 धर्मविहार, गली नंबर-1 नेताजी नगर, जोहरीनगर, गली नंबर-1 देवी कालोनी, गली नंबर-1 आश्रम एंक्लेव, गांव छारा, एचएल सिटी व सेक्टर-6 से एक-एक और प्रीतम कालोनी से 2 लोग शामिल हैं। झज्जर के झांसवा से दो, सुभाषनगर से, दिल्ली गेट से, गांव बहु व सिलानी गेट से एक-एक, गांव कुलाना से दो, खेड़ी सुलतान से एक, बादली के गांव पाटोदा से 6, जहांगीरपुर से एक, गुभाना से एक, बेरी के पाना हिंदयाण से एक, बहराना से एक, चमनपुरा से एक, रायपुर से एक, लुहारी से एक और पाना चुल्याण से 2 लोग संक्रमित हुए हैं।
ये हुए डिस्चार्ज
जिन 12 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है उनमें पाना चुल्याण बेरी के 3, बहादुरगढ़ के सूर्या रोशनी परिसर से 3, कसार, सेक्टर-6, सेक्टर-2, गली नंबर-5 आदर्शनगर व सांखोल से एक एक और झज्जर के मातनहेल से एक व्यक्ति शामिल हैं।
एसडीएम कार्यालय के 33 कर्मचारियों की जांच की, एक मिला संक्रमित
कोविड-19 के संक्रमण की जांच के लिए सरकारी कार्यालयों में भी सैंपल लेने का कार्य तेज कर दिया गया है। सोमवार को बहादुरगढ़ के एसडीएम कार्यालय के 33 कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जिसमें एसडीएम हितेंद्र शर्मा से लेकर अन्य कर्मचारियों का सैंपल जांच के लिए लिया गया। इसमें केवल एक कर्मचारी को छोड़कर अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। एसडीएम हितेंद्र शर्मा की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव मिली है। वहीं जो कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है कि वह यहां कंप्यूटर आपरेटर के तौर पर कार्यरत है। उक्त कर्मचारी होम आइसोलेट हो गया। उसके संपर्क में आने वालों को भी जांच कराने के लिए कहा है ताकि कोरोना का संक्रमण बढ़े नहीं।