बाढ़सा स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के भूमि पूजन में सांसद दीपेंद्र हुड्डा के निमंत्रण को रद करने के मुद्दे पर कांग्रेसी रोष तो जता रहे हैं, लेकिन अलग-अलग गुटों में।
रविवार को बाढ़सा मामले के दीपेंद्र हुड्डा का अपमान बताकर शहर के अंबेडकर चौक पर पहले महिला कांग्रेस ने जिला प्रभारी उषा चौधरी के नेतृत्व में सीएम का पुतला फूंका।
कुछ देर बाद कांग्रेस नेता एवं पूर्व चेयरमैन नरेश हसनपुर भी यहीं पर समर्थकों के साथ इसी मामले में सीएम का पुतला जलाने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने पूरे प्रकरण पर सरकार को आड़े हाथों लिया।
सरकार द्वेष भावना व घटिया मानसिकता से ग्रस्त: उषा
कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सविता झाड़ली के नेेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता 12 बजे के करीब अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने यहां कैंसर संस्थान के भूमि पूजन में सांसद दीपेंद्र हुड्डा को न बुलाने पर रोष प्रदर्शन किया। जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी उषा चौधरी ने कहा कि पूरे मामले में सरकार की द्वेष भावना व घटिया मानसिकता सामने आ गई है। सांसद का निमंत्रण रद करना पूरे क्षेत्र की जनता का अपमान है।
झज्जर जिले में कैंसर संस्थान और एम्स की देन कांग्रेस की है और इनकी स्थापना में सांसद दीपेंद्र हुड्डा की भूमिका अहम रही है। भाजपायी इस प्रकार के प्रपंच रचकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सफल नहीं होंगे। इस दौरान नरेश कबलाना, सुरेंद्र मारौत, धनपति, सुमित्रा, संतोष, बबीता, नीलम, प्रवीण आदि मौजूद रहे।
भाजपाइयों ने तो प्रदेश की संस्कृति पर हमला बोला
बाढ़सा मामले में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मार्केटिंग बोर्ड के पूर्व चेयरमैन नरेश हसनपुर के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए स्थानीय अंबेडकर चौक पर सीएम का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस मामले में सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। नरेश हसनपुर ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है।
सरकार के जनविरोधी फैसलों के चलते हर वर्ग परेशान है। लोगों को काम दिखे, इसके लिए कांग्रेस राज में शुरू हुई बड़ी परियोजनाओं को अपने नाम करने का प्रयास हो रहा है।
सरकार द्वारा राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के भूमि पूजन कार्यक्रम में दीपेन्द्र हुड्डा का निमंत्रण कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले ही रद करना उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है।
सरकार ने ऐसा करके लोकतंत्र के नियमों की अवहेलना की है। क्षेत्र के लोगों में रोष बना हुआ है। हरियाणा की राजनीति में ही नहीं, बल्कि हरियाणवी संस्कृति का अपमान भी भाजपा सरकार ने किया है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राज सिंह जाखड़, बिल्लू नंबरदार मातनहेल, राज सरपंच डावला, सरपंच बलजीत बोड़िया, सुरजीत जहांगीरपुर, सविता झाड़ली, राकेश, मुकेश , रामफल, भीम, लीला राम मौजूद रहे।