कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा प्रधानमंत्री सांसदों से डरते हुए देश की सबसे सुरक्षित जगह संसद में भी नहीं आ रहे हैं। इससे बड़ी दुर्दशा और दुर्भाग्य की क्या बात हो सकती है।
कांग्रेस विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के राहुल गांधी को जेल में डाल देना चाहिए वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। गीता भुक्कल ने कहा कि राहुल गांधी जो मुद्दे उठा रहे हैं, उनका जवाब सरकार के पास नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए पूछा कि राहुल गांधी की बातों का जवाब देने के लिए देश के प्रधानमंत्री संसद में क्यों नहीं आ रहे हैं?
विज्ञापन
अगर प्रधानमंत्री संसद में नहीं आ रहे, तो वे देश की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे? उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री सांसदों से डरते हुए देश की सबसे सुरक्षित जगह संसद में भी नहीं आ रहे हैं। इससे बड़ी दुर्दशा और दुर्भाग्य की क्या बात हो सकती है। गीता भुक्कल ने जोर देकर कहा कि गिरिराज सिंह के पास ऐसा बयान देने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि राहुल गांधी लोकसभा में संवैधानिक पद पर नेता प्रतिपक्ष के रूप में बैठे हुए हैं।
इसके अलावा हरियाणा में किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के बयानों पर भी उन्होंने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भारतीय जनता पार्टी की है, तो किसान धरना-प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं? किसानों को मुआवजा क्यों नहीं मिल रहा है? सरकार किसानों के साथ भेदभाव कर रही है और आए दिन किसान आत्महत्या कर रहे हैं। यह स्थिति सरकार की नाकामी को दर्शाती है।