-फोटो 88 : सेक्टर-2 की सड़क पर बने गड्ढे और गुजरते वाहन। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-2 में सुविधाएं गांवों से भी बदतर हैं। यहां की सड़कें चलने लायक नहीं हैं और उन पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। निवासी लगातार नगर परिषद अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सेक्टर-2 से सराय औरंगाबाद गांव की ओर जाने वाली सड़क और भाजपा नेता दिनेश कौशिक के कार्यालय के पास सबसे बुरा हाल है। इस सड़क पर 50 से ज्यादा छोटे और लगभग 10 बड़े गड्ढे हैं। निवासी राजकुमार अरोड़ा, सुरेश कुमार, आजाद सिंह, ब्रह्मप्रकाश और मनोज कुमार ने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च के बावजूद सुविधाएं नहीं मिल रहीं। गर्मी में पीने के पानी की समस्या रहती है। बारिश में जल निकासी न होने से सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। रात में अंधेरा और गड्ढों के कारण लोगों को निकलने में दिक्कत होती है। गड्ढों में गाड़ी फंसने से आर्थिक और मानसिक परेशानी भी होती है।
निवासियों ने नगर परिषद अधिकारियों से सड़कों की हालत सुधारने की मांग की है। नगर परिषद अध्यक्ष सरोज राठी ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम खत्म होते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।