-फोटो 59 : डा. नरेंद्र कुमार, कार्डियोलॉजिस्ट जेजे अस्पताल।
बहादुरगढ़। सर्दी का मौसम शुरू हो रहा है। खासकर सुबह और शाम को सर्दी बढ़ रही है। बदलते मौसम के दिनों में प्रदूषण भी बड़ी समस्या बना हुआ है। चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी की शुरुआत का मौसम खतरनाक होता है, इसलिए हर उम्र के लोगों को अभी अलर्ट रहना चाहिए।
शहर के एक निजी अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि सर्दी में हार्ट के मरीजों की संख्या 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सर्दी में धमनी (आर्टरी) यानी खून की नली सिकुड़ जाती है। जब यह सिकुड़ती है तो उतना ब्लड फ्लो उस तरह से नहीं हो पाता, जितने की जरूरत होती है। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ने लगता है। हार्ट पर स्ट्रेस यानी दबाव बढ़ने लगता है, जिसकी वजह से सर्दी के दिनों में अन्य मौसम की तुलना में हार्ट अटैक और हार्ट से संबंधित अन्य बीमारियां कई गुणा बढ़ जाती हैं।
हाई प्रोटीन डाइट लें
डॉ. नरेंद्र ने कहा कि इस मौसम में हेल्दी डाइट पर फोकस होना चाहिए। हाई प्रोटीन डाइट लें, इससे इम्यूनिटी बेहतर होती है। प्रदूषित हवा का असर हमारी आंत पर भी होता है क्योंकि यह स्वस्थ बैक्टीरिया के बैलेंस को बिगाड़ देता है और हानिकारक बैक्टीरिया को पनपने का मौका देता है। आंत की इम्यूनिटी में महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन प्रदूषित हवा इसके शरीर की रक्षा करने की क्षमता को कमजोर करती है। जिससे बीमारियों और एलर्जी का खतरा बढ़ जाता है।
बुजुर्गों का रखें खास ध्यान
डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि जब मौसम में बदलाव होता है तो इसका असर बच्चों के अलावा सबसे ज्यादा बुजुर्गों और बीमार लोगों पर होता है। अभी इनकी दिक्कत और भी ज्यादा इसलिए बढ़ी हुई है, क्योंकि सर्दी की शुरुआत के साथ-साथ प्रदूषण ने भी सांस लेना दूभर कर दिया है। इसलिए ऐसे लोग बाहर न निकलें, मास्क लगाकर बाहर जाएं, खान-पान का ध्यान रखें।