फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम बनने के बाद पहली बार पहुंचे बेरी, 42 करोड़ की योजनाओं का दिया तोहफा

Mon, 21 Nov 2016 12:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर
विज्ञापन
सीएम - फोटो : bureau
विज्ञापन
सीएम मनोहर लाल ने घोषणा की है कि प्रदेश में युद्धस्तर पर कॉलेज लेक्चरर्स की भर्ती की जाएगी। सीएम ने कहा कि प्रदेश में बच्चों के पढ़ने के लिए अच्छे कॉलेज तो हैं, लेकिन उनमें पढ़ाने वाले अच्छे शिक्षकों की बेहद कमी है।
विज्ञापन


ऐसे में प्रदेश के कॉलेजों में अच्छे लेक्चरर्स चाहे वे हरियाणा से मिले या फिर अन्य किसी प्रदेश से, उनकी प्राथमिकताओं में शुमार है। सीएम मनोहर लाल रविवार को धर्म नगरी बेरी में आयोजित विकास रैली में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। यही नहीं सीएम ने रैली के संयोजक विक्रम कादियान द्वारा रखी गई हलके के लोगों की मांगों को पूरा करते हुए बेरी में भी महिला कॉलेज खोलने की घोषणा की।

पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ कहे जाने वाले बेरी में अपने दो साल के कार्यकाल में पहली बार पहुंचे सीएम मनोहर लाल ने बेरी वासियों के लिए करीब 100 करोड़ की परियोजनाओं की घोषणा भी की। इससे पूर्व सीएम ने बेरी में करीब 42 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए इन्हें लोगों को समर्पित किया।
विज्ञापन


सीएम ने हलके की सड़क, सिंचाई पानी, शिक्षा एवं क्षेत्र के ढांचागत विकास के लिए रखी गई अनेक मांगों को पूरा करने का तोहफा लोगों को दिया। सीएम ने कहा कि वे प्रदेश के पहले सीएम हैं, जिसने सरकार के पहले दो वर्षों में क्षेत्र के 90 हलकों में हलके के विकास के लिए रैली का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा यह उनका 80वां विधानसभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा इन दो वर्षों में हमारी सरकार के कार्यकाल में बेरी के विकास पर पहले ही करीब 141 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। दिसंबर तक प्रदेश के सभी 90 हलकों में वे पहुंचेंगे और 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के मौके पर सांपला गढ़ी किलोई हलके में विकास परियोजनाओं के लिए हलका रैली होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में करीब सात लाख करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है।

उद्योगों के निवेश में 14वें से 5वें स्थान पर आया प्रदेश
सीएम ने इन्वेस्टर मीट का उल्लेख करते हुए कहा कि देश एवं विदेशों से करीब 650 एमओयू साइन हुए हैं। उद्योगों को बेहतर ढांचागत सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्यों की जो रैंकिंग की जाती है, उसमें पहले हरियाणा का 14वां स्थान था, पिछले दो वर्षों में प्रदेश में उद्योगों के निवेश के अनुकूल जो माहौल बना है, उसका नतीजा है कि अब हरियाणा का स्थान 14वें से 5वें पर पहुंच गया है।

विमुद्रीकरण : देश के 86 प्रतिशत लोग फैसले के हक में
मुख्यमंत्री ने विमुद्रीकरण के निर्णय को शानदार बताते हुए कहा कि हर आम आदमी को भी इस बात का अहसास होने लगा है कि जमा कालाधन अब बाहर आने लगा है। यही कारण है कि एक ताजा सर्वे के अनुसार देश के साढ़े 86 प्रतिशत लोग इस फैसले के हक में हैं। सरकार के खजाने में आने वाले धन से देश के विकास का एक नया रास्ता खुलेगा।

प्रदेश में चल रही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने इस सामाजिक बुराई को दूर करने का शंखनाद प्रदेश की धरती से किया था। प्रदेश में ताजा लिंगानुपात की स्थिति अब 914 पर पहुंच गई है, जबकि पहले यह आंकड़ा 837 पर था।

अब सरकार के पास आएगा काला धन : चौ. बीरेंद्र सिंह
विकास रैली में केंद्रीय इस्पात मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह ने कहा कि देश में छोटे नोट के रूप में करेंसी केवल 14 फीसदी है, बाकी 86 फीसदी नोट बड़े हैं, इनमें से भी 30 प्रतिशत ही चल रहे थे, बाकी काले धन के रूप में दबे हुए थे।

उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी के एक निर्णय से देश में 8-9 लाख करोड़ रुपये काले धन के रूप में दबा हुआ था, जो अब सरकार के पास आएगा। यह पैसा देश के विकास की गतिविधियों में लगेगा। इससे गांव के लोगों की आमदनी भी दोगुनी होगी।

पहली बार संयोग, पीएम न सीएम के दामाद : धनखड़
रैली में कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस और दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर जमकर वार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव भाई-भतीजावाद के प्रचलन को बढ़ाया। जहां एक ओर पूर्व सीएम हुड्डा ने अपने तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने दामाद को सीधा लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ऐसा पहली बार संयोग है कि न पीएम तो न सीएम के दामाद हैं। धनखड़ ने अपने संबोधन के दौरान केजरीवाल और कांग्रेस पर कटाक्ष कर जनता को खूब गुदगुदाया।

परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि पहले छात्र-छात्राओं के बस पास 60 किलोमीटर की दूरी तक ही बनते थे। मौजूदा सरकार ने दूरी की सीमा समाप्त कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने झज्जर में प्रदेश का सबसे बड़ा बस स्टैंड बनाया, इसमें खास बात यह है कि ईमानदारी से काम करते हुए 10 करोड़ रुपये बचाए गए। राज्य सरकार में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

इन इमारतों का किया उद्घाटन
बेरी में हरियाणा के सीएम ने रविवार को विकास रैली के दौरान आठ इमारतों का उद्घाटन किया, लेकिन इनमें से कई इमारतें कई माह पहले ही बेरी को समर्पित हो गई थीं। सीएम ने बेरी के लघु सचिवालय, बेरी में खेल स्टेडियम, बहराणा पीएचसी, जहाजगढ़ पीएचसी, किसान रेस्ट हाउस, रेस्ट हाउस, बेरी के खंड पंचायत कार्यालय का उद्घाटन किया, लेकिन बेरी का लघु सचिवालय, खंड पंचायत कार्यालय, जहाजगढ़ पीएचसी, बहराना पीएचसी पिछले कई माह से जनता को खोल दिए गए थे, अब किसान रेस्ट हाउस और रेस्ट हाउस, खेल स्टेडियम का लाभ बेरी की जनता को मिलेगा, क्योंकि यह इमारतें काफी समय से तैयार हैं।

सीएम ने ये कीं घोषणाएं
विकास रैली के दौरान हरियाणा के सीएम ने बेरी में महिला कॉलेज, मां बेरी वाली के भवन के लिए फुटओवर ब्रिज, दुजाना चौक पर फलाई ओवर, चिमनी गंाव के लिए 10 किलोमीटर लंबी माइनर, 10 व्यायामशाला, ड्रेन को पक्का करना, पशु अस्पताल बनवाने, कई गांवों में जलघर बनवाने, 15 रोड बनवाने, डीघल की आयुर्वेद डिस्पेंसरी, पांच करोड़ बेरी नगरपालिका और 10 करोड़ रुपये हलके के गांवों के विकास के लिए देने की घोषणा की।

...और काफिले की गाड़ियां पहुंच गई कादियान फार्म हाउस
रैली समापन के दौरान सीएम ने गोच्छी मार्ग स्थित कादियान फार्म हाउस में लंच किया और वहीं दुजाना चौक स्थित डॉ. अजय धनखड़ के निवास स्थान पर चाय पी। हालांकि रैली के बाद सीएम को लंच करने के लिए गोच्छी रोड पर कादियान फार्म हाउस में जाना था, लेकिन सीएम का काफिला दुजाना चौक के पास पहुंचा तो एकाएक सीएम का काफिला बहादुरगढ़ मार्ग की तरफ मुड़ गया।

इस प्रकार काफिले के आगे चल रही कुछ गाड़ियां तो कादियान फार्म हाउस पर पहुंच गई और सीएम कुछ गाड़ियों के साथ धनखड़ निवास स्थान पर पहुंच गए। सीएम की केबिनेट के मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के चचेरे भाई के घर पर चाय पीने की खबर प्रशासन से लेकर भाजपा के किसी नेता तक को नहीं थी।

विकास रैली में ये रहे मौजूद
रैली में परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक, पूर्व विधायक ओमप्रकाश बेरी, भाजपा जिला अध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला परिषद चेयरमैन परमजीत सौलधा, वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी, सुनीता चौहान, कर्नल राजेंद्र सुहाग, सेना अध्यक्ष दलबीर सुहाग के पिता सूबेदार रामफल, कमलेश अत्री, डॉ. अजय धनखड़, खरहर के सरपंच अशोक राठी, कमिश्नर चंद्रप्रकाश, डीसी आरसी बिढ़ाण, एसपी जशनदीप सिंह रंधावा, एसडीएम बेरी संजय राय, बाघपुर सरपंच नसीब कुमार, निर्भय कादियान पालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

तनिष्का के हरियाणवी डांस से खुश सीएम ने दिए 21 हजार रुपये
रैली में ग्वालीसन की पांच वर्षीय तनिष्का ने अपने मनमोहक नृत्य और गायन के माध्यम से बेटी बचाने का संदेश दिया। नृत्य और गायन के दौरान रैली में उपस्थित जनसमूह ने बार-बार तालियां बजाकर तनिष्का की हौसला अफजाई की। सीएम ने भी तनिष्का द्वारा प्रभावशाली तरीके से दिए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संदेश पर 21 हजार रुपये प्रोत्साहन स्वरूप देने की घोषणा की।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें