बहादुरगढ़। घरेलू गैस की चल रही कालाबाजारी की सूचना मिलने पर मंगलवार को सीएम फ्लाइंग की टीम बहादुरगढ़ पहुंची। यहां खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम के साथ लाइनपार के शास्त्री नगर स्थित एक दुकान में जांच की। दुकान से 13 घरेलू सिलिंडर सहित कुछ यंत्र बरामद किए। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ लाइनपार थाने में केस दर्ज कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बहादुरगढ़ इलाके में बड़ी संख्या में प्रवासी लोग हैं। इनमें से अधिकांश के पास गैस कनेक्शन नहीं हैं। ये छोटे सिलिंडर में गैस भरवाते हैं। इसलिए बहादुरगढ़ इलाके में गैस की कालाबाजारी तथा बड़े से छोटे सिलिंडर में गैस भरने का कारोबार बढ़ रहा है। हालांकि पहले भी सीएम फ्लाइंग की ओर से कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन यह कालाबाजारी थम नहीं रही है। इसी क्रम में सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली कि लाइनपार के शास्त्री नगर स्थित एक दुकान में अवैध रूप से गैस छोटे सिलिंडरों में भरकर बेची जाती है। कार्रवाई की योजना बनाई गई और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। इसके तहत मंगलवार को संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में आठ भरे, चार आधे और एक खाली सिलिंडर पकड़ा। दुकान मालिक भूरा सिलिंडर रखने संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस दौरान दुकान से तीन व्यवसायिक सिलिंडर, इलेक्ट्रिक मशीन गैस निकालने के यंत्र आदि बरामद हुए। छापा मार कार्रवाई संपन्न होने के बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सीएम फ्लाइंग से एसआई सहदेव, रामनिवास तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से इंस्पेक्टर हरिओम आदि टीम में शामिल रहे।