वार्ड टू वार्ड विशेष सफाई अभियान की शुरुआत पालिका द्वारा वार्ड नंबर एक से की गई। पालिका सचिव राजेश वर्मा अपनी पूरी टीम के साथ सुबह 8 बजे ही वार्ड नंबर एक में पहुंच गए। फिर वार्ड पार्षद महाबीर गुर्जर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पालिका सचिव को वार्ड की वास्तविक स्थिति के बारे में बताया। इसके बाद 45 सफाई कर्मचारियों की टीम वार्ड में उतरी और देखते ही देखते पूरे वार्ड को चकाचक कर दिया। वार्ड पार्षद महाबीर गुर्जर ने वार्ड वासियों की तरफ से पालिका का आभार जताया और ऐसा अभियान दो-तीन माह में चलाते रहने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को वीरवार को उस समय और गति मिली जब पालिका द्वारा शहर में डोर टू डोर विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। वार्ड वासियों के अलावा शहर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों जिसमें व्यापार मंडल के प्रधान सोहन सिंह गुर्जर, महाराजा अग्रसेन एजूकेशन सोसाइटी के मेंबर अमित सिंगल, विश्वास वेलफेयर सोसायटी के कोषाध्यक्ष देवेंद्र सैनी सहित अन्य लोगों ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सार्थक कदम है। इससे न केवल शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त होगी। बल्कि अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादाई साबित होगी। उन्होंने भी पालिका के इस अभियान में सहयोग करने की बात कही। इस दौरान एमई मंदीप धनखड़, सेनेटरी इंस्पेक्टर संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
शहर के सभी 19 वार्डों में यह अभियान चलाया जाएगा। वार्ड नंबर एक से इसकी शुरुआत की गई है। उनका यही प्रयास है कि शहर पूरी तरह से स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। उन्होंने शहरवासियों से भी निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने और पॉलीथिन का उपयोग न करने की बात कही।
पालिका का यह प्रयास सराहनीय है। पूरे वार्ड वासियों ने खुशी जाहिर की है। उनका पालिका प्रशासन से यही अनुरोध है कि दो-तीन माह में एक बार रूटीन कार्य के अलावा ऐसा विशेष अभियान चलाया जाए।
-महाबीर गुर्जर, पार्षद, वार्ड नंबर 1 झज्जर।