26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम में होगा। उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने सोमवार को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। गणतंत्र दिवस के आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय पर्व है। राष्ट्रीय पर्व को गरिमामयी और गौरवपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह की देखरेख में भव्य ढंग से समारोह संपन्न होगा। उपायुक्त जितेंद्र कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण, मार्च पास्ट, स्कूली विद्यार्थियों के पीटी-डंबल शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं, गणमान्य लोगों तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह में जिला से शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों व पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। मार्च पास्ट के लिए पुलिस तथा पीटी-डंबल शो व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम देश भक्ति से ओत-प्रोत और समाज को प्ररेणा व सकारात्मक संदेश देने वाले थीम पर आधारित हों। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी सांस्कृतिक टीमों के चयन के दौरान इस बात पर विशेष ध्यान फोकस रखेंगे। उपायुक्त ने नप अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल व आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्य रिहर्सल 24 जनवरी को
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य रिहर्सल 24 जनवरी को होगी जबकि 21 से 23 जनवरी तक निरंतर अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत का राष्ट्रीय पर्व है ऐसे में कार्यक्रम को लेकर जिस भी विभाग की जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसको पूरी संजीदगी के साथ से पालन किया जाए। इस अवसर पर बेरी के एसडीएम डॉ. राहुल नरवाल, एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण कुमार पावरिया, एसडीएम झज्जर शिखा, डीएसपी रणबीर सिंह सहित अन्य सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।