जिला मुख्यालय पर हरियाणा सरकार की ओर से दिसंबर माह के पहले सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 गरिमामयी ढंग से मनाया जाएगा। महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई हैं। यह जानकारी कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने दी। वे शुक्रवार को मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीरपाल सरो द्वारा ली गई वीडियो कांफ्रेंस के दौरान जानकारी दे रहे थे। महानिदेशक समीरपाल सरो ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने बताया कि झज्जर जिला मुख्यालय पर शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम में गीतापुरम के रूप में परिसर को सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के थीम के साथ तीन दिन तक निर्धारित शेड्यूल के तहत कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें जिलावासी उत्साहपूर्वक सहभागी बनेंगे। उन्होंने बताया कि महोत्सव में अधिक से अधिक जनभागीदारी रहे इसके लिए सरकार व प्रशासनिक स्तर पर बेहतर ढंग से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शहर के जहांआरा बाग स्टेडियम परिसर सहित सार्वजनिक स्थलों पर गीता महोत्सव से संबंधित प्रचार सामग्री सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को गीता महोत्सव का न्योता दिया जा रहा है।
कार्यवाहक उपायुक्त बोले, महोत्सव की रूपरेखा तैयार
कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने बताया कि झज्जर जिले में गीता महोत्सव 2019 को हर वर्ष की भांति इस बार भी गरिमामय ढंग से मनाने के लिए पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है और सभी विभागों के साथ मिलकर महोत्सव को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंस में मुख्य सचिव ने अन्य विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी ली और कार्यवाहक उपायुक्त ने विस्तार से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम बहादुरगढ़ तरुण कुमार पावरिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कृष्ण कुमार, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. इंद्र सिंह, एआईपीआरओ दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।