क्षेत्र में गेहूं की बिजाई का कार्य शुरू हो गया है। वहीं गेहूं के बीज के लिए मारामारी चल रही है। सुबह ही किसान गेहूं का बीज लेने के लिए किसान सदन में स्थित हरियाणा भूमि सुधार निगम और हरियाणा बीज विकास निगम के बिक्री केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। लेकिन हरियाणा भूमि सुधार निगम के बिक्री केंद्र पर बीज खत्म हो चुका है और हरियाणा बीज विकास निगम के बिक्री केंद्र पर बीज की बिक्री चल रही है। एक बीज बिक्री केंद्र पर बीज होने के कारण सुबह ही किसानों की भीड़ लग जाती है और काफी समय तक किसानों को अपनी बारी आने का इंतजार करने पर मजबूर होना पड़ता है। सुबह ही किसान बिक्री केंद्र का गेट खुलने से पहले ही वहां पर पहुंच जाते हैं और काफी समय तक इंतजार करने के बाद उन्हें बीच मिल पा रहा है। हालांकि हरियाणा भूमि सुधार निगम के बिक्री केंद्र से 2200 क्विंटल गेहूं का बीज बेचा जा चुका है। वही हरियाणा बीज विकास निगम की बिक्री केंद्र पर भी करीब इतना करीब इतना ही बीज आया है।
एक लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि में बोया जाता है गेहूं
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार झज्जर जिले में एक लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि में गेहूं की बिजाई की जाती है। इसके लिए किसानों ने बिजाई का कार्य शुरू कर दिया है। कहीं किसान खेतों की तैयारी में जुटे हुए हैं तो कहीं खाद बीज खरीदने में जुटे हैं। फिलहाल गेहूं की अगेती किस्म की बिजाई का कार्य चल रहा है और 30 नवंबर के बाद गेहूं की पछेती किस्मों की बिजाई का कार्य शुरू हो जाएगा। किसानों ने धान की कटाई के बाद खाली हो रहे खेतों को गेहूं की बिजाई के लिए तैयार करना शुरू किया हुआ है।
दो नवंबर को ही बीज खत्म हो गया था। उसके बाद एक गाड़ी बीज और आई थी। वह भी वीरवार को खत्म हो गई।
बाल किशन, प्रभारी, बीज बिक्री केंद्र, हरियाणा भूमि सुधार निगम, झज्जर ।