उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से जिले के गांवों को भी शहरी तर्ज पर बिजली उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है। जिले की 21 गांवों को जगमग कर दिया गया है। इन गांवों के करीब 40 हजार लोगों को म्हारा गांव जगमग गांव योजना का लाभ मिलने लगा है। जल्दी ही बेरी डिविजन के करीब आठ बिजली फीडर इस माह के अंत तक योजना में शामिल किए जाने की संभावना है। बिजली निगम की ओर से योजना के तहत सभी घरों से बिजली के मीटर घरों के बाहर निकाल कर उनको खंभों पर लगाया गया है। वहीं बिजली चोरी रोकने के लिए एबी केबल भी लगाई गई है। इन गांवों में बिजली निगम की तरफ से सभी लाइनों के खुले तार भी हटाए गए हैं। जिन गांवों को अब योजना में शामिल किया जा रहा है। उन गांवों में मीटर बदलने के साथ-साथ तार बदलने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
अब ये है निगम का लक्ष्य
जिले में 15 अगस्त को 21 गांवों में शहरी तर्ज पर बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई है। जिले के 262 गांवों को म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल करने के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से प्रयास किए जा रहे हैं। 31 अगस्त तक 25 नए गांवों को जोड़ने की योजना पर कार्य चल रहा है तथा साल के अंत तक सभी गांवों में कार्य को पूरा करने का टारगेट भी रखा गया है।
ये फीडर किए जगमग योजना में शामिल
जिले के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के लिए 315 बिजली फीडर पावर हाउसों से निकाले गए हैं। इन में से आठ फीडरों को म्हारा गांव जगमग गांव योजना में शामिल कर दिया गया है। इनमें डावला, रेढूवास, तलाव, सुर्खपुर, सेहलंगा, बाकरा, दुजाना, मलिकपुर-वन फीडर शामिल किए गए हैं।
इन गांवों में शुरू हुई 24 घंटे बिजली आपूर्ति
जिले के डावला, बाबरा, खाजपुर, रणखंडा, रेढूवास, फतेहपुरी, कन्हवा, नवादा, चढ़वाना, तलाव, खेड़ी खुम्मार, सुर्खपुर, जौंधी, राूपुरा, गिरावड़, दुजाना, बीड़ सुनारवाला, बाकरा, चमनपुरा, सेहलंगा और मातनहेल गांव का मलिकपुर वन फीडर पर लगने वाले हिस्से को 24 घंटे बिजली आपूर्ति मुहैया करानी शुरू कर दी गई है।
झज्जर जिला के 21 गांवों को म्हारा गांव जगमग गांव योजना के तहत शहरी तर्ज पर बिजली आपूर्ति मुहैया कराना शुरू कर दिया है। जबकि कई फीडरों पर काम चल रहा है।
संदीप जैन, एसई, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, झज्जर।