देशभक्ति से ओतप्रोत रविवार की सुबह झज्जर की जनता ने प्रशासन के साथ राहगीरी कार्यक्रम का आनंद लिया। आजादी के थीम व जल शक्ति अभियान को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन शहर के आंबेडकर चौक पर किया गया। बेरी गेट सड़क पर सजे राहगीरी के सांस्कृतिक मंच व अन्य गतिविधियों में उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार ने जनसमूह का उत्साहवर्धन किया। प्रशासन के अधिकारियों के साथ झज्जर की जनता ने राहगीरी : मिल के रहो, खुल के जियो ध्येय को सार्थक रूप दिया। एसडीएम शिखा ने शहर की जनता का राहगीरी में स्वागत करते हुए तनाव रहित जीवन जीने में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त संजय जून ने कहा कि जीवन को तनाव मुक्त बनाने की मुहिम में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन सकारात्मक बदलाव लाता है, ऐसे में निरंतर सामाजिक थीम को सामने रखते हुए झज्जर, बहादुरगढ़ व बेरी में राहगीरी का आयोजन प्रशासन की ओर से आमजन की सुविधा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने रक्षाबंधन पर्व, स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जल बचाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से चलाए जा रहे जल शक्ति अभियान के प्रति उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया और जल बचाने की शपथ भी दिलाई। उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार ने सांस्कृतिक विधा के लिए सजाए गए मंच से युवाओं को नई ऊर्जा के साथ सामाजिक बदलाव में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक मंच पर देशभक्ति का दिखा जज्बा
आजादी की थीम को मद्देनजर रखते हुए रविवार को आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में मंच संचालन हास्य कवि मास्टर महेंद्र तथा सड़क सुरक्षा संगठन के सचिव सुधीर भारद्वाज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में राजकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा काजल, रविंद्र, रितिक, मंजीत, जया के साथ ही डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, सनराइज हाई स्कूल, एसएफएस स्कूल बिरधाना, आरएस मॉडर्न हाई स्कूल की छात्रा काजल व पूजा, रावमावि महराणा के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते हुए कार्यक्रम को आजादी के रंग में रंग दिया। जहांआरा बाग स्टेडियम की जिमनास्टिक टीम ने जिमनास्टिक की प्रस्तुति देने के साथ ही जूंबा डांस से युवाओं में जोश का संचार किया।
खेल गतिविधियों का भी हुआ आयोजन
राहगीरी में उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार ने मुक्केबाजी, कैरम बोर्ड, हाकी, रस्साकशी, रॉप जंप, योग, साइक्लिंग गतिविधियों में भागीदार प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही समाज को नई दिशा देता है, ऐसे में इस प्रकार की खेल गतिविधियों में सहभागिता जीवन में पूरे उत्साह व उमंग के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।