विधायक राजेंद्र सिंह जून ने शुक्रवार को सेक्टर-2 स्थित कार्यालय पर हलके के शहर व गांव से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी। विधायक राजेंद्र सिंह जून ने समस्याओं को सुनने के उपरांत संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए।
विधायक राजेंद्र सिंह जून ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समस्याएं संज्ञान में आने के बाद उन समस्याओं का तत्परता से अधिकारी समाधान करें ताकि आमजन को बेवजह सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। जून ने कहा कि हरियाणा की बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार का आमजन के हितों से कोई सरोकार नहीं है। बीजेपी जेजेपी सरकार ने चुनाव के समय जो वादे जनता से किए थे आज उन वादों को पूरा नहीं करके जनता के साथ वादाखिलाफी कर रही है। इसका जीता जागता प्रमाण सम्मान पेंशन 5100 रुपये करने की बजाय पेंशन में मात्र 250 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करना है। जून ने कहा कि सरकार को अपने वादे के अनुसार 5100 रुपये हर माह सम्मान पेंशन लागू करनी चाहिए ताकि बहादुरगढ़ विधानसभा सहित हमारे प्रदेश के बुजुर्गों को सम्मान पेंशन योजना का लाभ मिल सके। विधायक ने कहा कि बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार का जनविरोधी चेहरा अब धीरे-धीरे प्रदेश की जनता के सामने बेनकाब होने लगा है। जून ने कहा कि अगर हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनती तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री बनकर पेंशन 5 हजार रुपये प्रतिमाह करने के साथ कांग्रेस पार्टी ने जो भी वादे प्रदेश की आम जनता से किए थे वह हर हाल में लागू किए जाते। इस अवसर पर अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।