बहादुरगढ़। शहर के विकास को पंख लगाने के लिए नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को बैठक हुई और नगर परिषद की ओर से 198 करोड़ का बजट पास किया गया। बैठक में नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी व अधिकारी के साथ समस्त पार्षद मौजूद रहे। इसमें वर्ष 2024-25 का आम बजट पास किया गया। नगर परिषद की बजट बैठक शुरू करने से पहले 2 मिनट का मौन धारण कर चेयरपर्सन सरोज राठी व पार्षदों ने सदन के पूर्व विधायक नफे राठी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि 2024-25 के लिए 198 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है, इसमें से 137 करोड़ 11 लाख 69 हजार रुपये शहर के विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही 60 करोड़ 93 लाख की धनराशि इमरजेंसी, तत्कालीन, वेतन व अन्य कार्य में इस्तेमाल होगी। राठी ने कहा कि नगर परिषद में पास किया गया 198 करोड़ रुपये का बजट शहर के विकास के लिए सहायक साबित होगा। जनता के टैक्स का एक-एक पैसा विकास कार्यों पर खर्च होगा और यही भारतीय जनता पार्टी की सोच है कि ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं आमजन को उपलब्ध कराई जाएं। शहर के सभी 31 वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे ताकि शहर की जनता को नगर परिषद बहादुरगढ़ के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा सुविधा उपलब्ध हो। इस वर्ष नगर परिषद द्वारा कुछ ऐसे प्रोजेक्ट लाए जाएंगे, जिनके माध्यम से नगर परिषद की आमदनी बढ़ेगी। चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा समय-समय पर लगाए गए कैंपों के माध्यम से प्रॉपर्टी आईडी की समस्या का समाधान किया गया है, इसके चलते इस वर्ष में प्रॉपर्टी टैक्स में भी बढ़ोतरी होगी। चेयरपर्सन सरोज राठी ने 198 करोड़ रुपये का बजट पास करने पर सभी पार्षदों का आभार जताते हुए कहा कि पार्षदों को शहर के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या एवं सुझाव को लेकर नगर परिषद कार्यालय या मुझे जानकारी दे सकते हैं ताकि जनता द्वारा बताई जाने वाली समस्या का समाधान करवाने के साथ-साथ आमजन से मिले अमूल्य सुझावों पर अमल भी किया जा सके। बैठक में वाइस चेयरमैन पाले राम शर्मा, नगर परिषद ईओ संजय रोहिल्ला के अलावा अन्य पार्षद मौजूद रहे।