संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। मानसून में हुई बारिश के बाद शहर की सड़कों की हालत खराब हो चुकी है। लोग हिचकोले खाकर गंतव्य तक पहुंच रहे हैं, लेकिन मुख्य मार्गों की सुध नहीं ली जा रही। शहर के मुख्य मार्गों को उखाड़कर काम बीच में ही लटका दिया गया है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। आए दिन इन मार्गों पर गड्ढों की वजह से हादसे हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहे।
शहर के बीकानेर चौक से छिक्कारा चौक तक 1200 मीटर लंबी सड़क है। यहां पर भी बीच-बीच में गड्ढे बने हुए हैं। नालों के बंद होने के कारण सारा पानी सड़कों पर आ रहा है और सड़कें खस्ता हो चुकी हैं। इसी मुख्य मार्ग से रोडवेज की लोकल बसें जाती हैं। अधिक वाहन गुजरने से जाम भी लग रहा है।
वहीं तलाव रोड पर भी लगभग एक किलोमीटर तक बीच-बीच में सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। सिलानी गेट से कुलदीप चौक तक भी सड़क की हालत खस्ता है। नया बाईपास भी बीच-बीच में टूट चुका है। यहां से भारी वाहनों का ज्यादा आवागमन रहता है, ऐसे में आए दिन हादसे भी होते रहते हैं। भारी वाहनों के ज्यादा आवागमन के चलते सड़कें टूट रही हैं।
गैस गोदाम से अग्रसेन चौक
यह सड़क पिछले दो माह से टूकी हुई है। इस पर लगभग तीन किलोमीटर तक जन स्वास्थ्य विभाग ने सीवर लाइन डाली थी। उसके बाद मिट्टी डालकर ठीक कर दिया गया, लेकिन निर्माण नहीं किया गया। अब यहां सड़क पर दो से तीन फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं और वाहन चालक हिचकोले खाते हुए सफर करने को मजबूर हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भर चुका है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
भगत सिंह चौक से दादरी बाईपास
लगभग 20-25 दिन पहले सड़क टूटने से भगत सिंह चौक से दादरी बाईपास तक सड़क को उखाड़ दिया गया था। यहां नई सड़क का निर्माण किया जाना था, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ। सड़क उखाड़ने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। खास तौर पर बारिश का पानी जमा होने पर गड्ढे दिखाई नहीं पड़ते और वाहन चालक हादसे का शिकार हो जाते हैं।
यह बोले लोग
पिछले दो माह से सड़क टूटी हुई है। आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका घर मुख्य मार्ग पर है, इसलिए हर समय पानी जमा रहता है। मच्छर पनप रहे हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
- कपिल गुज्जर, गैस गोदाम निवासी।
पिछले सवा माह से उसके घर से मुख्य मार्ग टूटा पड़ा है। विभाग ने सड़क को उखाड़कर छोड़ा हुआ है। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं।
- अंशु गुज्जर, वार्ड नंबर-5
माता गेट के पास पूरी सड़क उखाड़ रखी है। आते-जाते समय परेशानी होती है। इस तरफ अधिकारी ध्यान दें।
- सतबीर सिंह, माता गेट निवासी
20 दिन से सड़क उखाड़ी गई है, लेकिन काम नहीं किया जा रहा। अब यहां बारिश का पानी जमा हो गया है। इसमें गड्ढे भी नजर नहीं आते हैं और हादसा हो जाता है।
- कंवर सिंह, दादरी रोड निवासी।
अग्रसेन चौक की सड़क पिछले डेढ़ माह से उखाड़ी हुई है और दोबारा नहीं बनाई जा रही। डेढ़ से दो फीट तक के गड्ढे बन चुके हैं। उनमें भी पानी भरा हुआ है। इस तरफ प्रशासन ध्यान दे।
- सत्ये सैनी, अग्रसेन चौक।
शहर के डायवर्जन रोड को बनाने का काम विभाग की ओर से शुरू किया जा चुका है। शहर का जलस्तर ऊंचा होने के कारण परेशानी हो रही है। वहीं पेयजल लाइन लोगो की कटी हुई है। बारिश भी काम में बाधा बनी हुई है। अगले महीने तक सड़कों को बनवा दिया जाएगा।
- अरुण कुमार, कनिष्ठ अंभियता, लोक निर्माण विभाग, झज्जर।