बादली। उपमंडल के एक गांव में एक युवक ने मासूम बच्ची से दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से भाग निकला। जबकि बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मासूम बच्ची के पिता की शिकायत पर पोस्को एक्ट की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर को मासूम के पिता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस को दी शिकायत में बच्ची के पिता ने बताया कि पड़ोस के ही रहने वाले एक युवक ने आठ वर्षीय बच्ची को बहला फुसलाकर अपने घर बुला लिया। इसके बाद युवक ने मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गया। इसके बाद मासूम रोती हुई घर पहुंची। परिजनों रोने का कारण पूछा तो उसने पड़ोस के ही युवक द्वारा घिनौना कृत्य करने की बात बताई। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस मासूम को चिकित्सा जांच के लिए झज्जर सामान्य अस्पताल ले गई। जहां लड़की का मेडिकल करवाया गया है। थाना प्रभारी फूलकंवार के अनुसार मासूम के पिता की शिकायत पर गांव के ही 24 वर्षीय युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा और आईपीसी 376ए व 342 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।