झज्जर। बहादुरगढ़ के वार्ड नंबर चार शंकर गार्डन निवासी हरिओम के साथ 2,26,800 रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है। हरिओम ने बताया कि उसके पास बहादुरगढ़ में अमूल दूध की एजेंसी है। 13 नवंबर को उसके लड़के नितिन के मोबाइल पर एक अन्य मोबाइल से फोन आया और बताया कि वह आर्मी कैंप से बोल रहा है। दो महीने के लिए उनका आर्मी कैंप पीडीएम काॅलेज बहादुरगढ़ के पास लगेगा।
बताया कि उनको प्रतिदिन 40 किलो दूध और 10 दही चाहिए, जिसकी पेमेंट वह ऑनलाइन 15 दिन पहले कर देंगे। यह सभी बातें उसके लड़के नितिन ने उसे बताई तो उसने आर्मी का नाम सुनकर हां कर दी। इसके बाद 14 नवंबर को एक मोबाइल नंबर से फोन आया कि वह आज ही दूध भेज दे और कहा कि वह ऑनलाइन पेंमेट करेंगे व अपने फोन का बार कोड भेज दें।
इसके बाद उसने अपने फोन का बार कोड भेज दिया। कुछ देर बाद उन्होंने कहा कि उसने बार कोड में अपना अकाउंट डाल दिया है और आप अपना फोन पे पासवर्ड भर दो। इसके बाद उसने उन पर विश्वास करके फोन पे का पासवर्ड उनके पास भेज दिया। इसके बाद उसका फोन हैक हो गया। जब उसने फोन को वापिस बंद करके चलाया तो उसे पता चला कि उसके पीएनबी बैंक के खाते से 14 नवंबर को 42,100 रुपये कट गए।
इसके बाद 14 नवंबर को ही उसे दूसरे एसबीआई बैंक के खाते से 42,100 रुपये, 1,00,500 रुपये व 42,100 रुपये कट गए। जब उसने उनके पास फोन मिलाया तो उन्होंने उसका फोन नहीं उठाया। उसने पीडीएम कॉलेज के पास जाकर देखा तो वहां पर कोई आर्मी कैंप नहीं था। उसके साथ किसी अज्ञात व्यक्तियों ने धोखाधड़ी करके ठगी की है।