नागरिक अस्पताल में ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की लाइन
बहादुरगढ़। मौसम लगातार परिवर्तनशील बना है। कभी तापमान कम हो रहा है तो कभी बढ़ रहा है। ऐसे में लगातार लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इन दिनों नागरिक अस्पताल में बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खराश के मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक ऐसे मरीजों को अभी ठंडी चीजों का सेवन न करने की सलाह दे रहे हैं। बीमारियों की चपेट में आने से लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। प्रतिदिन ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भी अस्पताल की ओपीडी में ऐसे मरीजों का आंकड़ा 200 के पार रहा।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डाॅ. सुंदरम ने बताया कि बढ़ती गर्मी के साथ-साथ बुखार, खांसी, जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पताल में आने वाले हर दूसरे मरीज को जुकाम की शिकायत है। यह वह लोग हैं जो बदलते मौसम में ठंडे पेय पदार्थ ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से अभी मौसम को देखते हुए ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करने की सलाह दी है। अस्पताल में आने वाले बुखार, जुकाम से पीड़ित मरीजों में न केवल बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं बल्कि युवा भी काफी संख्या में आ रहे हैं। दोपहर के समय निकलने वाली तेज धूप के कारण लोग पसीनों में ठंडा पानी पी रहे हैं, इसकी वजह से वह बीमार हो रहे हैं। अभी ठंडा पानी पीने से उन्हें बचना चाहिए।
ये बरतें सावधानी
- घर से बाहर निकलें तो मुंह पर कपड़ा लगाकर रखें।
- अभी एसी, कूलर न चलाएं।
- साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- सोते समय मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
- दिन में धूप में हल्के कपड़े पहनें, ताकि पसीना न आए।
- रात में शरीर को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
- सुबह और रात में गुनगुना पानी पीएं।