बहादुरगढ़। चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी की पहली इन्वीटेशनल स्वीमिंग चैंपियनशिप 11 मई को एचएल सिटी में आयोजित की जा रही है। जूनियर और सब जूनियर ग्रुप में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में गुरुग्राम, झज्जर, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल के तैराक भाग लेंगे।
हरियाणा तैराकी संघ के दिशा-निर्देशन में हो रही स्वीमिंग चैंपियनशिप को दो हिस्सों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में दो ग्रुप बनाए गए हैं। एक में 15 से 17 साल आयुवर्ग और दूसरे में 13 से 14 आयुवर्ग के तैराक भाग ले सकेंगे। सब जूनियर वर्ग को तीन ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-3 में 11 से 12 , ग्रुप 4 में 9 से 10 और ग्रुप 5 में 8 साल और उससे कम आयु वर्ग के तैराक भाग ले सकेंगे। सभी तैराक फ्री स्टाईल, बैकस्ट्रॉक, ब्रैस्टस्ट्रॉक, बटरफ्लाई और आईएम स्पर्धा में भाग ले सकते हैं।
हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने बताया कि हरियाणा में सब जूनियर लेवल से ही तैराकों को बेहतर प्रतियोगी माहौल देने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरु करवाया गया है। गुरुग्राम में इसका ट्रायल सफल रहा था और बहादुरगढ़ से फॉर्मल शुरुआत हो रही है। अनिल खत्री ने बताया कि हरियाणा तैराकी संघ के प्रधान सांसद धर्मबीर सिंह के दिशानिर्देश पर तैराकी संघ ने इस तरह की पहल की है, जिसके सार्थक परिणाम सामने आएंगे।