डीएसपी से चालान न काटने की विनती करती युवतियां।
बहादुरगढ़। पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर सख्ती बरतते हुए चालान करने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को डीएसपी विजय कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार को बिना हेलमेट और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों का चालान किया गया। वहीं सड़कों पर नियम तोड़ने वालों में महिला वर्ग की काफी संख्या रही। महिलाएं भी सड़क पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाती नजर आई। डीएसपी विजय कुमार ने इनको भी हेलमेट पहनने के साथ नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया।
डीएसपी यातायात पुलिस के अलावा महिला बल के साथ मौके पर तैनात थे। सभी ने मिलकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें 5 वाहन ऐसे वाहन भी थे जो नो-पार्किंग जोन में खड़े थे। कई युवतियां पुलिस के समक्ष भविष्य में हेलमेट पहनने की विनती करती नजर आई, लेकिन पुलिस ने किसी की एक न सुनी और चालान काटना जारी रखा। सिफारिशी फोन भी घुमे, लेकिन डीएसपी ने सभी से बात करने से मना कर दिया। जांच अभियान में यातायात प्रभारी बिजेंद्र मलिक भी साथ रहे।
एसएचओ यातायात को लगाई फटकार
सड़कों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने उतरे डीएसपी विजय कुमार ने यातायात पुलिस प्रभारी को भी फटकार लगाई। डीएसपी ने कहा, एसएचओ साहब, कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। इस पर एसएचओ बिजेंद्र मलिक ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करवाने की बात कही है।
यातायात नियमों का पालन करें चालक : डीएसपी
डीएसपी विजय कुमार का कहना है कि बुधवार को शहर के विभिन्न नाकों पर पुलिस बल तैनात रहा और सभी जगह वाहनों को जांचा गया। उनका मकसद सड़क पर उतरकर यातायात नियमों का पालन करवाना है। किसी को परेशान करना नहीं है। उन्होंने एक बार फिर वाहन चालकों से आह्वान किया कि वे सड़क पर निकलते समय अपने वाहन के कागजात पूरे रखें और शीशों पर काली फिल्मों का प्रयोग न करें। दुपहिया वाहन पर चलते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। सर्दी का मौसम चल रहा है। सभी जगह कोहरा छाया रहता है। इस मौसम में अपने वाहन को धीरे चलाएं।