बहादुरगढ़। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान व माल की हानि को रोकने के उद्देश्य से लेन ड्राइविंग व गलत दिशा में वाहन चलाने के प्रति चालकों को जागरूकता के लिए पुलिस ने रविवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस टीमों की ओर से नियमों का उल्लंघन करने पर 301 वाहनों के चालान किए गए। यातायात थाना प्रबंधक बहादुरगढ़ निरीक्षक बिजेंद्र ने बताया कि भारी वाहनों के संबंध में लेन ड्राइविंग और गलत दिशा में वाहन चलाने के बारे में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। लेन ड्राइविंग के दौरान धीमी गति से चलने वाले सभी वाहन जैसे ट्रक, बस आदि को बाईं लेन में रहना चाहिए। तेज गति से चलने वाले वाहनों को दाई लेन में रहना चाहिए। यह नियम बाईं ओर से ओवरटेक करने से बचाता है। कभी भी गलत दिशा से ओवरटेक नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सभी वाहन चालकों को दुर्घटनाओं को रोकने को मद्देनजर रखते हाईवे पर वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगाने बारे जागरूक किया। वाहन चालकों को अपनी लेन में चलने और गलत दिशा में ड्राइविंग ना करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा जिलेभर में मुख्य मार्गों पर निर्धारित किए गए अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान 301 वाहनों का चालान किया।