बहादुरगढ़। नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने शहर के कई स्थानों का दौरा कर सफाई व्यवस्था और सड़कों पर बने गड्ढों का जायजा लिया। लोगों ने उन्हेें रेलवे रोड, काठमंडी, रेलवे अंडरपास, दिल्ली रोहतक रोड पर सड़कों पर हुए गड्ढों की समस्याओं से अवगत कराया।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने कहा कि जल्द ही यह सभी गड्ढे भरवाए जाएंगे ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कहीं पर भी गंदगी नहीं हो। चेयरपर्सन ने कहा कि उन्हें निरंतर लोगों से सूचना मिल रही थी कि शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर गड्ढे बने हुए हैं जिनसे लोगों की चोटिल होने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने मौके पर जाकर समस्या का जायजा लिया और अधिकारियों को शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान सफाई निरीक्षक सुनील हड्डा भी उनके साथ रहे।