झज्जर। शहर के रेवाड़ी रोड़ पर खाद बीज की दुकानों पर मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ते व कृषि विभाग की टीम ने छापे मारकर जांच पड़ताल की। इस दौरान अधिकारियों को डीएपी के करीब 52 बैग, एनएफएल खाद के करीब 40 बैग और 52 बैग सीमेंट दुकानों में पाए गए। सीमेंट के बैग दुकान पर पाए जाने पर दुकानकारों को नोटिस दिया जा रहा है।
जांच के दौरान एक दुकान पर पीओएस मशीन में भी खराबी मिली। इस कारण पीओएस मशीन व स्टॉक का मिलान नहीं हो सका। डीएपी खाद के स्टॉक पर पूछने पर दुकानदार ने बताया कि ये खाद के बैग स्वयं की खेती के लिए रखे हैं। जिस पर कृषि विभाग से गुण नियंत्रक अधिकारी डॉ. जसवीर सिंह ने खाद बीज विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा की पीओएस मशीन व स्टॉक में मिलान रखे, नहीं तो लाइसेंस रद्द भी हो सकता है। उन्होंने बताया की कई दिनों से पीओएस मशीन, खाद-बीज भंडार के दुकानदारों की खराब हो गई थी, लेकिन उन्होंने रजिस्टर में अपना रिकॉर्ड लिख रखा था। डीएपी स्टॉक में बचा हुआ था और मशीन में जीरो दिखा रहा था। उन्होंने बताया कि शहर के रेवाड़ी रोड पर स्थित शिव ट्रेडर्स खाद बीज भंडार व न्यू जमींदार खाद बीज भंडार के यहां पीओएस मशीन व स्टॉक व मशीन में मिलान करने पर अनियमिता पाई गई। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में शामिल सदस्यों ने बताया कि अवैध तौर पर डीएपी को रखने व बेचने वालो पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इसे लेकर सख्त है। इस दौरान मुख्यमंत्री उड़न दस्तें से की टीम से एसआई सहदेव, रामनिवास व झज्जर गुप्तचर विभाग की टीम के अलावा कृषि विभाग से डॉ. जसवीर सिंह कृषि एवं गुण नियंत्रक अधिकारी, डॉ. भैया राम विशेष तौर पर मौजूद रहे।