साल्हावास। क्षेत्र के एक गांव के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्याध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं महिला थाना प्रभारी ने छात्रा की मेडिकल जांच भी करवाई है। छेड़छाड़ के आरोप के बाद मुख्याध्यापक स्कूल से अनुपस्थिति चल रहे हैं। मंगलवार को एक बार फिर से महिला थाना झज्जर की प्रभारी अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंची और उपस्थित अध्यापकों और बच्चों से करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ की।
पुलिस टीम ने छात्रों और अध्यापकों को अलग-अलग बुलाकर बातचीत की और उनसे इस संबंध में सवाल जवाब किए। पुलिस टीम ने बच्चों और अध्यापकों के बयान कलमबद्ध किए हैं। वहीं शिक्षा विभाग ने भी तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर अपने स्तर पर जांच शुरू की है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना ने भी इस मामले की भनक लगते ही जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया। मातनहेल के खंड शिक्षा अधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जसवंत सिंह का कहना है कि इस मामले में जो कोई भी दोषी होगा उसको बख्शा नहीं जाएगा। टीम निष्पक्ष जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेगी। तीन सदस्यीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी आगे की कार्रवाई अमल में लाएंगे।
वहीं दूसरी तरफ आरोपी मुख्याध्यापक का कहना है कि स्कूल के ही दो अध्यापकों द्वारा उसके खिलाफ साजिश रची गई है। वे फिलहाल पिछले दो दिनों से विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे हरिद्वार अपने परिजनों के पास गए हुए हैं और जल्द ही स्कूल में अपनी ड्यूटी पर लौटेंगे व जांच में सहयोग करेंगे।
वर्जन:
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। इस मामले में जो कोई भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- किरण, महिला थाना प्रभारी, झज्जर