साल्हावास। क्षेत्र के गांव बहु में जमीन के मामले में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहु गांव निवासी विजय सिंह पुत्र रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में ही उसकी आठ कनाल जमीन है। इसका आज भी वह मालिक है। 18 जनवरी 2022 को उसने गांव के ही एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। व्यक्ति ने बदले में सिक्योरिटी के तौर पर उसकी जमीन लिखित करवाने की शर्त रखी थी। जब वह तहसील पहुंचा तो उन लोगों ने स्वयं कागजी कार्रवाई की हुई थी।
उन लोगों ने उससे कहा कि एग्रीमेंट को रजिस्टर्ड करवाना पड़ेगा और उसके फोटो भी कैमरे में लिए गए। तहसील कार्यालय में तैयार किए गए दस्तावेजों को न तो उसे पढ़कर सुनाया गया, न ही उसे दिखाया गया। उसके अंगूठे के निशान ले दिए और उसे 10 लाख रुपये का चेक दे दिया गया।
4 नवंबर 2022 को उसने ब्याज समेत उसके दस लाख रुपये वापस कर दिए और कोई बकाया न होने का नोट भी उससे लिखवा लिया। 10 दिन पहले ही जब उसका बेटा अपनी जमीन की फर्द निकलवाने के लिए गया तो पता चला कि उसकी 8 कनाल जमीन का बैनामा हो चुका है और इंतकाल नंबर 6130 भी मंजूर हो रखा है।
बैनामा गांव के ही एक व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड करवाया गया है। इसमें 20 लाख रुपये चेक द्वारा व 2 लाख कैश दर्शाया गया है, जबकि पीड़ित व्यक्ति का कहना है कि उसे किसी प्रकार का कोई चेक या नकद राशि प्राप्त नहीं हुई। जब उसने इस बारे में व्यक्ति से पूछा तो उसने कहा कि उन्होंने कोई बैनामा नहीं बनवा रखा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि तहसील कर्मचारियों से मिलीभगत करके साहूकार ने फर्जी रजिस्ट्री 4440 नंबर तैयार करवा रखी है। उसके आधार पर इंतकाल नंबर 6051 इन लोगों ने दर्ज करवाना चाहा, लेकिन रिकॉर्ड मैच न होने पर इन लोगों ने ओवरराइटिंग करके एक बार फिर से उसके हस्ताक्षर करवा लिए हैं।
वर्जन
आर्थिक अपराध शाखा जांच के आदेश के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त पत्र के आधार पर चार लोगों और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। तहसील कार्यालय से राजस्व रिकॉर्ड प्राप्त करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - जयभगवान, थाना प्रभारी, साल्हावास।