किसान आंदोलन के दौरान नेशनल हाईवे-9 पर कानून का उल्लंघन करके अवैध निर्माण करने और सबमर्सिबल लगाने के मामले में थाना शहर पुलिस ने एनएचएआई के मैनेजर की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
बता दें कि तीन नए कृषि कानूनों को लेकर पंजाब-हरियाणा समेत कई अन्य सूबों से किसान दिल्ली के टीकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़ बाईपास और दिल्ली-रोहतक रोड समेत कई अन्य स्थानों पर धरना देकर बैठे हुए हैं। इस दौरान अनेक जगह किसानों ने ईंटों से पक्के निर्माणों के अलावा पानी की व्यवस्था के लिए सबमर्सिबल लगाए गए हैं। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए किसानों को समझाया था कि कोई भी अवैध निर्माण और सबमर्सिबल न लगाए, लेकिन कुछ किसानों ने इस को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया। अधिकारियों और किसानों के बीच हुई बैठक के बाद भी कई किसानों ने मिलकर नजफगढ़ रोड फ्लाईओवर के नजदीक व अन्य जगह पर सबमर्सिबल लगाना जारी रखा। अधिकारियों को जब इसका पता लगा तो वे मौके पर पहुंचे और किसानों को ऐसा नहीं करने से रोका और सबमर्सिबल लगाने के लिए काम रुकवाया। हालांकि कुछ किसानों ने इसको लेकर रोष जताते हुए प्रशासन पर जनसुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए थे। किसानों ने नारेबाजी करते हुए रोड जाम करने की चेतावनी भी दी। मगर किसानों को समझाया गया। उधर, इस मामले में सेक्टर-9 चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण करने और सड़कों के किनारे अवैध तरीके से सबमर्सिबल लगाने के आरोप में थाना शहर में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।