बेरी। गांव दुबलधन मार्ग पर दादरी अड्डे के पास बुधवार को कार में बैठे युवकों ने एक स्कॉर्पियो चालक पर फायरिंग कर दी, लेकिन वह इसमें बाल-बाल बच गया। चालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मामला दर्ज कर लिया है।
बेरी पुलिस को दी शिकायत में गांव माजरा डी निवासी कृष्ण पुत्र जयवीर ने बताया कि वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने गांव माजरा डी से बेरी किसी काम से आ रहा था। जब वह गांव दुबलधन में दादरी अड्डे के पास पहुंचा तो बारिश होने की वजह से सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसके चलते गाड़ी धीरे-धीरे चला रहा था। इसी बीच पीछे से आई कार में बैठे दो युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव माजरा डी कृष्ण पुत्र जयवीर के खिलाफ बेरी थाने में धारा 307 सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार चरखी दादरी व कनीना थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। एक आरोपी जमानत पर बाहर आया हुआ। पुलिस मामले को पुरानी रंजिश के कारण घटना जोड़कर देख रही है। बेरी के थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी चालक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित कृष्ण की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।