बहादुरगढ़। नेशनल हाइवे-9 पर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नयागांव बाईपास चौक के निकट एक कार अनियंत्रित होकर कंक्रीट अवरोधक से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
मृतक की पहचान करीब 54 वर्षीय बिजेंद्र के रूप में हुई है। सेना से रिटायर्ड बिजेंद्र मूल रूप से चरखी-दादरी जिले का रहने वाला था। फिलहाल दिल्ली के मुखर्जी नगर में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, सोमवार को वह किसी शादी समारोह में शिरकत करने के बाद रोहतक की ओर से दिल्ली जा रहा था। देर रात को जब बहादुरगढ़ में बाईपास पर पहुंचा तो यहां उसकी कार अनियंत्रित हो गई। इससे गाड़ी पत्थरों से टकरा गई। इस हादसे में उसे काफी चोट आई। किसी राहगीर की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। एचएल सिटी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अस्पताल में बिजेंद्र को लेकर गए तो चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। वहीं सूचना पाकर बिजेंद्र के परिजन भी बहादुरगढ़ की ओर दौड़े। प्रारंभिक तौर पर गाड़ी अनियंत्रित होकर हादसे की आशंका जताई जा रही है।