बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ कसार बाईपास पर एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया। इस घटना में कार चालक की मौत हो गई। जबकि साथ में बैठा दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए रोहतक के पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में मंजीत पुत्र रामेहर निवासी बांसखुर्द जिला हिसार ने बताया है कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। मंजीत के अनुसार 17 फरवरी को उसके चाचा का लड़का कपिश निवासी बांसखुर्द, जिला हिसार अपने गांव के दोस्त प्रवीन पुत्र सूरजभान के साथ गाड़ी में सवार होकर अपने निजी काम के लिए रात को करीब साढ़े 10 बजे गांव से दिल्ली के लिए निकले थे। गाड़ी को कपिश चला जा रहा था। जब ये दोनों रात को करीब 2 बजे बहादुरगढ़ कसार बाईपास पर पहुंचे तो पीछे से एक ट्रक चालक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक के सामने आ गई और ट्रक चालक ने फिर से उनकी गाड़ी में टक्कर मारी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर कपिश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। ट्रक चालक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।