बहादुरगढ़। गांव आसंडा के सरपंच के साथ हथियार के बल पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सरपंच ने गांव के ही पूर्व प्रधान, उसके भाई तथा अन्य पर आरोप लगाया है। मामला राजनीतिक तनातनी और जमीन पैमाइश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल शिकायत के आधार पर एससीएसटी एक्ट, मारपीट, शस्त्र अधिनियम आदि के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संदीप का कहना है कि वह गांव के मौजूदा सरपंच हैं। वह गांव के जोहड़ की पैमाइश करा रहे हैं। इस पर कुछ लोगों को आपत्ति है। शुक्रवार को वह गांव के एक शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने गए थे। वहां पहले से ही गांव का पूर्व प्रधान समुंद्र बैठा था। किसी बात पर हमारी कहासुनी हो गई। इसके बाद मैं अपने ऑफिस आ गया। कुछ समय बाद समुंद्र का फोन आया और वह जातिसूचक शब्दों के साथ गालियां देने लगा। बोला कि तुझे शाम को देखता हूं। शाम करीब सात बजे फिर से फोन आया और बोला कहां है। मैंने उससे कहा कि अपने ऑफिस में हूं। कुछ ही देर बाद समुंद्र का चचेरा भाई पवन और राकेश बाइक पर सवार होकर आए।
आते ही मारपीट करने लगे। पवन के हाथ में पिस्तौल थी। शोर मचाया तो धमकी देकर चले गए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। रात को एक बजे फिर दो लोगों ने आकर हमला किया।