बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे (केएमपी) पर डाबोदा खुर्द फ्लाईओवर के नजदीक एक होण्डा सिटी कार चालक ने आगे चल रही अन्य गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी पलट गई और उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। एचएल सिटी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मृतका के पति मनोज नेगी की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक महिला की पहचान रेनू नेगी निवासी केशवपुरम तल्ली हलद्वानी जिला नैनीताल के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता केशवपुरम तल्ली निवासी मनोज नेगी ने बताया कि वह गुरुग्राम के मानेसर में एक कंपनी में नौकरी करता है। उसने घर जाने के लिए एक गाड़ी बुक की थी। 24 फरवरी को वह अपनी पत्नी रेनू नेगी के साथ गाड़ी में सवार होकर केएमपी के रास्ते अपने घर जा रहे थे। गाड़ी अनिल निवासी मेलूसर बिकान जिला चूरू, राजस्थान चला रहा था। जब वे केएमपी पर डाबोदा खुर्द फ्लोईओवर से थोड़ा आगे चले तो एक होंडा सिटी कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी पलट गई। इस दुर्घटना में उसकी पत्नी और उसे गंभीर चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।