झज्जर। शनिवार की रात को अपने खेत की सिंचाई कर घर वापस लौट रहे किसान को मातनहेल गांव के पास कार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे राहगीरों की मदद से जब सामान्य अस्पताल लाया जा रहा था तो उसने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस सूचना पाकर मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। मृतक किसान की पहचान गांव मातनहेल निवासी 46 वर्षीय सतबीर के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार मातनहेल गांव निवासी सतबीर शनिवार की देर रात अपने खेत में फसलों को पानी देकर घर वापस लौट रहा था। उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आई एक स्वीफ्ट डिजायर कार ने किसान सतबीर को अपनी चपेट में ले लिया। किसान बुरी तरह से जख्मी हो गया और नागरिक अस्पताल में उपचार कराने के लिए जब उसे ले जाया जा रहा था तो उसने बीच रास्ते दम तोड़ दिया। उधर घटना के बाद का चालक कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संदीप कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस चौकी मातनहेल।