बहादुरगढ़। दिल्ली के जैतपुर से बुक की गई एक निजी कंपनी की गाड़ी का चालक बहादुरगढ़ के रोहद गांव के पास से एक यात्री के सवा तीन लाख रुपये व अन्य जरूरी सामान लेकर रफू चक्कर हो गया। पीड़ित ने आसौदा पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में आशीष कुमार निवासी जे ब्लाक सौरव विहार, जैतपुर दिल्ली ने बताया है कि वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। वह ट्रेडिंग का काम करता है। 2 अगस्त को उसने दिल्ली के जैतपुर दुर्गा मंदिर के पास से बहादुरगढ़ के दहकोरा गांव में किसी कार्य के लिए एक कंपनी की गाड़ी बुक करवाई और उसमें सवार होकर वह यहां पहुंचा। गाड़ी चालक का नाम रोहित है। जब वह वापसी में गाड़ी में सवार होकर जैतपुर जा रहा था तो रास्ते में रोहद के पास उसे अचानक लघुशंका हुई और उसने गाड़ी रुकवाई। इसके बाद वह लघुशंका करने के लिए गाड़ी से उतर गया। इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी को भगा लिया। गाड़ी में उसका पर्स, सवा तीन लाख रुपये और मोबाइल के अलावा एटीएम कार्ड व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।