मुंडका-बहादुरगढ़ लाइन पर मेट्रो यार्ड के लिए अधिग्रहित दुकानों और भू-खंडों के मुआवजे को लेकर दुकानदारों में खासा रोष है। दुकानदारों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर कह दिया है कि वे किसी भी कीमत पर 1580 रुपये प्रति वर्ग गज का मुआवजा नहीं लेंगे।
हुडा की टीम भी मंगलवार को शहर के निर्माणाधीन रेस्ट हाउस में पहुंची। उनके सामने भी प्रभावित लोगों ने मुआवजा लेने से साफ मना कर दिया। इस पर अधिकारियों ने दुकानदारों, भू-खंड मालिकों की आपत्ति दर्ज कर ली। दुकानदारों ने अधिकारियों से कहा कि वे सर्किल रेट के हिसाब से ही मुआवजा लेंगे।
एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद श्याम लाल गुप्ता, संजय वधवा, प्रमोद, डीएस ठाकुर, दीपक खट्टर, वीपी गुप्ता, शिव शंकर आदि ने बताया कि सेक्शन 4 और 6 लगने के समय दुकानदारों और प्रभावित लोगों को हुडा ने विश्वास नहीं लिया था। मुआवजा देने के समय भी उन्हें सूचना नहीं दी गई।
उन्हें नोटिस के माध्यम से 1580 रुपये मुआवजा की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि वे सरकार के नियमानुसार सर्किल रेट 55 हजार 500 रुपये से दोगुना मुआवजा लेंगे। सरकार के नियमानुसार उन्हें एक लाख 11 हजार रुपये प्रति गज मुआवजा मिलना चाहिए।