फ़ोटो-51: रोडवेज जीएम को ज्ञापन सौंपते सरपंच व अन्य। स्त्रोत सरपंच
- फोटो : झज्जर
बहादुरगढ़। गांव मुकुंदपुर में काफी समय से चली आ रही परिवहन समस्या के समाधान को लेकर सरपंच सुमित छिकारा ने हरियाणा रोडवेज झज्जर के महाप्रबंधक (जीएम) को ज्ञापन सौंपा है।
सरपंच ने बताया कि गांव से प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवक-युवतियां रोजगार, शिक्षा व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शहर की ओर यात्रा करते हैं लेकिन बस सुविधा के अभाव में उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ता है जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
सरपंच सुमित छिकारा ने कहा कि बहादुरगढ़ से चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बसें गांव मुकुंदपुर में नहीं रुकतीं और टिकटों में भी गांव का नाम दर्ज नहीं है। इस कारण ग्रामीणों को कानोंदा गांव का टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ती है जिससे अतिरिक्त किराया देना पड़ता है और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि गांव मुकुंदपुर के लिए अलग से बस स्टैंड बनाया जाए तथा बसों को नियमित रूप से गांव में ठहराने के लिए स्थायी बस रूट मैप तैयार किया जाए। सरपंच ने उम्मीद जताई कि रोडवेज विभाग जल्द इस समस्या का समाधान करेगा, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी और गांव के विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर सरपंच पति मोहन पंडित खैरपुर ने भी अपने गांव खैरपुर में बस स्टैंड निर्माण की मांग जीएम के समक्ष रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रधान काला बामनौली, सरपंच पति मोहन पंडित खैरपुर, सरपंच विकास कानोंदा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।