झज्जर। गांव ढाकला के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए सरकारी बस की व्यवस्था हो गई है। विद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश ने बताया कि विद्यालय में गांव कासनी, कन्वाह, नवादा कोंहन्द्रावली तथा चान्दोल गांव से कक्षा पहली से 12वीं तक लगभग 160 से ज्यादा बच्चे (छात्र-छात्राएं) गांव ढाकला के राजकीय मॉडल स्कूल में पढ़ने के लिए आते हैं। ज्यादातर बच्चे गरीब, किसान, खेतिहर मजदूर वर्ग के हैं जो प्राइवेट स्कूलों की भारी भरकम फीस, महंगी किताबों तथा बसों का किराया आदि देने में असमर्थ हैं। शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर इंग्लिश मीडियम में सरकारी स्कूल मॉडल संस्कृति के नाम से खोले हुए हैं। गांव ढाकला में मॉडल संस्कृति सरकारी स्कूल है, जिसमें इंग्लिश मीडियम में बच्चे पढ़ते हैं और जिसकी फीस नाम मात्र है।