डाबोदा-दुलहेड़ा के बीच एक चलती कार में अचानक आग लग गई। जब तक चालक और उसमें बैठा एक अन्य व्यक्ति कुछ समझ पाता, तब तक कार आग की चपेट में आ चुकी थी। किसी तरह से दोनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचाई।
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार दुलहेड़ा निवासी सतबीर अपनी कार में सवार होकर बहादुरगढ़ से गांव की ओर लौट रहा था। जब वह गांव से कुछ दूरी पर था तो अचानक उसकी कार के इंजन से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते कार आग के गोलों में तब्दील हो गई।
वह किसी तरह कार को सड़क किनारे खड़ी कर नीचे उतरा। उसने अपने स्तर पर भी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते कार से लपटें निकलने लगीं। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी, जिसके बाद फायरमैन सुरेश, नवीन व चालक कुलबीर एक गाड़ी सहित मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार जल चुकी थी।
बताया गया है कि कार में ही कागजात और कुछ अन्य सामान भी था, जो कि आग की भेंट चढ़ गया। अचानक हुई इस घटना से कार मालिक को काफी नुकसान भी हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कार के इंजन की तरफ के हिस्से में हुई स्पार्किंग से आग लगी है।